शनिवार, 28 मई 2011

दोपहर तक बंद रहे पेट्रोल पंप और सिटी बसें

दोपहर तक बंद रहे पेट्रोल पंप और सिटी बसें

जोधपुर. रेलकर्मी अशोक दवे हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जनशक्ति संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को घोषित जोधपुर बंद का मिला-जुला असर रहा। दोपहर तक सोजती गेट, नईसड़क, पावटा, जालोरी गेट, सरदारपुरा सहित शहर के अधिकांश हिस्सों में व्यापारिक प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप और सिटी बसें स्वैच्छिक बंद रहे। जालोरी गेट चौराहे पर सैकड़ों लोगों ने अशोक दवे को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस प्रशासन को दवे के हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई। ऐसा नहीं होने की सूरत में ट्रेनें रोकने की चेतावनी दी गई है।

जालोरी गेट चौराहे पर सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम आम सभा में तब्दील हो गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी सहित विभिन्न संगठनों के सैकड़ों लोग वहां एकत्र हुए। दवे को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने मानव श्रृंखला बनाकर जालोरी गेट चौराहे पर रास्ता जाम किया। पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने दवे के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग करते हुए नारे लगाए। दोपहर तक शहर में कहीं भी किसी से झड़प या जबरदस्ती दुकानें बंद करवाने की जरूरत नहीं पड़ी। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।

रोकी जाएंगी ट्रेनें 

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने 15 दिन के भीतर हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर जोधपुर स्टेशन पर रेल मार्ग जाम करने की चेतावनी दी है। भाजपा शहर जिलाध्यक्ष नरेंद्रसिंह कच्छवाहा ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृहनगर में कानून व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। शहर में अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं। सरेआम लोगों पर हमले हो रहे हैं, निर्दोष लोगों की हत्या कर दी जाती है और पुलिस हत्यारों को अब नहीं पकड़ पाई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें