गुरुवार, 19 मई 2011

अपराधों को रोकना पहली प्राथमिकता : बारहठ


अपराधों को रोकना पहली प्राथमिकता : बारहठ
जालोर
क्षेत्र में बढ़ रहे अपराधों को रोकना पुलिस की पहली प्राथमिकता रहेगी। गांवों के किसी भी विवाद में ग्रामीणों से सलाह मशविरा कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। यह बात एसपी राहुल बारहठ ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जिला गुजरात से जुड़ा हुआ होने से तस्करी की संभावना अधिक है। इसके अलावा संपत्ति संबंधी विवाद भी जिले में अधिक होते हैं। दोनों प्रकार के मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बारहठ मूलत: कच्छ (गुजरात) से हैं। इसलिए उन्होंने इसे फायदेमंद मानते हुए कहा कि इससे उन्हें अंतरराज्यीय विवादों को सुलझाने में काफी सहूलियत रहेगी। इसके अलावा भी हर विवाद को जल्द से जल्द सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। 

रहेगी पैनी नजर : बारहठ (बारहठ राहुल मनहर्दन) ने कहा कि शहर में छोटे से विवाद को लेकर प्रदर्शनकारियों द्वारा धरना प्रदर्शन व रास्ता जाम किया जाता है। जिससे आमजन को काफी परेशानी होती है। इन सभी पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। वहीं शहर के ट्रैफिक को लेकर भी नियमों में फेरबदल किया जाएगा। जिससे शहरवासियों को परिवहन करने में परेशानी नहीं होगी। एसपी बारहठ 2007 बेच के हैं। वे इससे पूर्व एएसपी सांगानेर (जयपुर) और एसपी (एटीएस) के पद पर थे।
 

बारहठ ने किया निरीक्षण : प्रेस वार्ता से पहले एसपी बारहठ ने पुलिस विभाग के विभिन्न कार्यालयों का अवलोकन कर आवश्यक जानकारी हासिल की। उन्होंने पुलिस उप अधीक्षक कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, पुलिस नियंत्रण कक्ष व विशेष शाखा समेत विभाग के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया।
 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें