गुरुवार, 21 अप्रैल 2011

लाखों पेड़ों की रक्षा को उठेंगे हजारों हाथ




लाखों पेड़ों की रक्षा को उठेंगे हजारों हाथ 
ओरण की सुरक्षा का बीड़ा 22 दिन में 24 लाख गायत्री मंत्रों का उच्चारण
बाड़मेर। एक ओर जहां अतिक्रमण और सरकारी स्तर पर आबंटन के कारण ओरण गोचर जमीन खतरे में है, वहीं सीमावर्ती क्षेत्र के चालीस गांवो लोगों ने ओरण की सुरक्षा का बीड़ा उठाया है। इसके लिए 22 दिन में 24 लाख गायत्री मंत्रों का उच्चारण किया जाएगा। 27 गांवों के चारों ओर अखण्ड ज्योत के साथ परिक्रमा की जाएगी और हजारों लोग एक साथ संकल्प लेंगे कि वे न तो ओरण की जमीन पर अतिक्रमण करेंगे न करने देंगे। ओरण के वृक्षों पर कुल्हाड़ी चलाना भी महापाप होगा। पर्यावरण शुद्धता को लेकर हो रहे स्वप्रेरित आंदोलन के लिए चालीस गांवों के लोगों ने करीब तीस लाख रूपए एकत्रित किए हैं।
 पर्यावरण की शुद्धता, वृक्षों के बचाव, चारागाह की जमीन के संरक्षण और सामाजिक भाईचारे की मिसाल का उदाहरण बनेंगे सीमावर्ती हरसाणी क्षेत्र के 40 गांव। बाड़मेर एवं जैसलमेर जिले में जमीनों के दाम बढ़ने के बाद सरकारी जमीन पर अतिक्रमण सबसे बड़ी समस्या हो गई है। लोगों ने ओरण की जमीन को भी नहीं बख्शा, जिसे यहां सदियों से देवी देवताओं की जमीन माना जाता है। इस जमीन को बचाने के कई नियम हैं, लेकिन पालना नहीं हो रही है।
हरसाणी क्षेत्र के रोहिड़ाला गांव में मालण देवी(लोकदेवी) के नाम ओरण की जमीन संरक्षित है। वहीं निकटवर्ती गांवों में नागणेच्या माता के नाम से ओरण है। हजारों बीघा इस ओरण की जमीन के भरोसे ही सीमावर्ती क्षेत्र का पशुधन जिंदा है। इसकी सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने महापुरश्चरण यज्ञ करवाने का निर्णय किया है। इस यज्ञ में गायत्री मंत्र की 24 लाख आहूतियां दी जाएगी। 18 मई से 22 दिन तक चलने वाले इस आयोजन के दौरान 27 गांवों की परिक्रमा, ओरण के चारों तरफ दूध की कार, ओरण बचाव का संकल्प, संत महात्माओं के प्रवचन, नई पीढ़ी को ओरण के बारे में साहित्य प्रदान किया जाएगा। 
छत्तीस कौम की भागीदारी
ओरण बचाने के इस आयोजन में छत्तीस कौम की भागीदारी है। करीब तीस लाख रूपए ग्रामीणों ने एकत्रित किए हैं। आयोजन में सभी की भागीदारी सुनिश्चत करने के लिए गांव के अनुसार व्यवस्थाएं और कार्यक्रम तय किए गए हैं।
भावना से जुड़े हैं लोग
ओरण के प्रति लोगों में आस्था है। सदियों से ओरण में लाखों पशु पले हैं। लाखों पेड़ लगे हैं। पुरखों की इस परंपरा को जीवंत किया जा रहा है। - भूरसिंह, नखतसिंह गोरडिया, आयोजन समिति सदस्य

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें