पाकिस्तानी सीमा हैदर फिर मां बनीं:पबजी खेलते हुए भारत में प्यार हुआ, फिर शादी की; 2023 में बगैर दस्तावेज बॉर्डर क्रॉस किया था

 पाकिस्तानी सीमा हैदर फिर मां बनीं:पबजी खेलते हुए भारत में प्यार हुआ, फिर शादी की; 2023 में बगैर दस्तावेज बॉर्डर क्रॉस किया था



पाकिस्तान से भारत आईं 23 साल की सीमा हैदर मां बन गई हैं। मंगलवार सुबह 4 बजे नोएडा के कृष्णा हॉस्पिटल में उन्होंने बेटी को जन्म दिया। यह उनका 5वां बच्चा है। इससे पहले उनके चार बच्चे पाकिस्तानी पति से हैं, जबकि भारतीय पति सचिन मीणा से यह उनका पहला बच्चा है।

सीमा हैदर के वकील एपी सिंह ने बताया- नॉर्मल डिलीवरी से सीमा ने बेटी को जन्म दिया। मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल जाएगी। सचिन मीणा के घरवालों ने कहा- यह परिवार के लिए एक नया अध्याय है। जल्द ही बच्ची का नामकरण करेंगे।

दिल्ली हाईकोर्ट के वकील इरफान फिरदौस ने बताया कि बेटी का जन्म भारत में हुआ है, इसलिए भारतीय नागरिकता के लिए कहीं आवेदन करने की जरूरत नहीं है। हमारे संविधान में जन्म से नागरिकता को प्राथमिकता दी गई है। ऐसे में बच्चा खुद ही भारतीय नागरिक माना जाएगा।


पबजी से प्यार, नेपाल के रास्ते भारत आई थीं

सीमा हैदर और गुलाम हैदर की शादी 2014 में हुई। 2019 में गुलाम हैदर सीमा और चार बच्चों को कराची में छोड़कर दुबई चला गया। 2019 में ही पबजी खेलते-खेलते सीमा की नोएडा के रबुपुरा निवासी सचिन मीणा से ऑनलाइन मुलाकात हुई।

10 मार्च, 2023 को नेपाल में सीमा और सचिन की आमने-सामने मुलाकात हुई। वहीं पर उन्होंने एक मंदिर में धर्म परिवर्तन कर शादी करने का दावा किया। नेपाल से सीमा पाकिस्तान चली गईं। सचिन नोएडा आ गया।

13 मई को सीमा फिर से पाकिस्तान से दुबई होते हुए नेपाल आईं और नेपाल से बस पकड़कर रबुपुरा पहुंचीं। 1 जुलाई को सचिन-सीमा बुलंदशहर में वकील से अपने भारतीय पहचान पत्र बनवाने के लिए मिले। वकील ने सीमा के पाकिस्तानी होने की जानकारी पुलिस को दी।

इसके बाद दोनों घर से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई। 3 जुलाई को सीमा-सचिन को हरियाणा के बल्लभगढ़ से हिरासत में लिया गया। 4 जुलाई 2023 को पुलिस ने सचिन के पिता नेत्रपाल को गिरफ्तार कर लिया।

8 जुलाई को तीनों को कोर्ट से जमानत मिल गई। 17 और 18 जुलाई को एटीएस ने सीमा-सचिन से पूछताछ की। 21 जुलाई को सीमा और सचिन की शादी के फोटो और वीडियो सामने आए।

टिप्पणियाँ