मंगलवार, 16 जुलाई 2019

उप्र / चल रही थी दाह संस्कार की तैयारी; अचानक जिंदा हुआ युवक, पानी पिया फिर हो गई मौत

प्रतीकात्मक।


उप्र / चल रही थी दाह संस्कार की तैयारी; अचानक जिंदा हुआ युवक, पानी पिया फिर हो गई मौत

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अमीनाबाद के रहने वाले 28 वर्षीय युवक को एक निजी अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था। दावा है कि परिजन जब युवक के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी मृत युवक जिंदा हो उठा। उसने इशारे से पानी मांगा और कप भर पिया। तत्काल परिजन उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर आए, जहां फिर से मृत घोषित कर दिया गया।

पीलिया से ग्रसित था युवक
अमीनाबाद के कल्लन की लाट निवासी संजय (28) पुत्र गुरुप्रसाद को पीलिया की बीमारी थी। उसकी मौसेरी बहन रजनी के मुताबिक, शनिवार को नक्खास के निजी अस्पताल में संजय को भर्ती कराया गया। लेकिन रविवार सुबह छह बजे उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजन शव लेकर घर आ गए। यहां रिश्तेदारों का इंतजार किया जा रहा था। मोहल्लेवालों की भीड़ लग जुटी थी। साथ ही, दाह संस्कार की तैयारी हो गई थीं। अर्थी तैयार हो गई थी।

सुबह 10 बजे के करीब अचानक उसके शरीर में हरकत हुई। थोड़ी देर में आंख खोली। यह देखकर मौजूद भीड़ घबरा गई। संजय ने थोड़ी ही देर में पानी के लिए इशारा किया। घर से एक कप पानी लाकर पिलाया गया। संजय के जीवित होने पर घर के लोग लेकर उसे बलरामपुर अस्पताल लेकर भागे। यहां डॉक्टरों ने यहां संजय को मृत घोषित कर दिया।

शरीर से आ रहा था पसीना
परिजनों के मुताबिक निजी अस्पताल में मृत घोषित होने के बाद संजय का शरीर सफेद कपड़े से ढंक दिया गया। इस दौरान उनके शरीर से पसीना लगातार आ रहा था। वहीं, जब आंख खोली तो सभी देखकर हैरान रह गए। दाह संस्कार के लिए जाने के बजाए सीधे बलरामपुर अस्पताल ले गए।

पहले भी आया था ऐसा केस
बीते एक जुलाई को इंदिरा नगर निवासी फुरकान को निराला नगर में मृत घोषित कर दिया गया। उसको परिजन कब्र में दफनाने जा रहे थे। इसी दरमियान लोगों को उसकी सांसें चलने का आभास हुआ। परिजन उसे लोहिया अस्पताल लेकर गए। यहां न्यूरो का डॉक्टर न होने पर लोहिया संस्थान लेकर गए। इसके बाद उन्होंने निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें