सोमवार, 24 जून 2019

बाड़मेर, केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी ने पीड़ित परिवारों को ढाढस बंधाया केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया

बाड़मेर, केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी ने पीड़ित परिवारों को ढाढस बंधाया

केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया



बाड़मेर, 24 जून। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने सोमवार को जसोल में हुए हादसे के पीड़ित परिवारों से मिलकर ढाढस बंधाया। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। चौधरी ने घायलों से मिलकर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने सोमवार को नाहटा अस्पताल में पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों के जल्दी स्वस्थ होने की कामना करते हुए सम्बन्धित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को घायलों के उपचार के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने जसोल गांव में मृतको के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी अर्थी को कंधा देते हुए श्मशान घाट तक खुद पैदल चलने के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को ढाढस बंधाते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि, ’ यह घटना बेहद दर्दनाक है। उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। वे जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में है। उनकी गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात हुई है।मुख्यमंत्री ने मुआवजे का ऐलान किया है जो पीड़ितों के परिजनों तक पहुंच गया है।
इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री चौधरी ने एमडीएम अस्पताल में घायलों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। जोधपुर से बालोतरा पहुंचने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री सीधे निजी अस्पतालों एवं राजकीय नाहटा चिकित्सालय पहुंचे।
-0-
प्रभारी सचिव आज समीक्षा बैठक लेगी
बाड़मेर, 24 जून। बाड़मेर जिले की प्रभारी सचिव वीणा प्रधान मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं की समीक्षा करेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रभारी सचिव वीणा प्रधान मंगलवार सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक के दौरान योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करेगी। समस्त अधिकारियों को आवश्यक सूचनाओं के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
-0-
राज्यपाल ने दुःख व्यक्त किया
बाड़मेर। 24 जून। राज्यपाल  कल्याण सिंह ने बाड़मेर के जसोल में अंधड़ से हुए हादसे पर दुःख जताया है। सिंह ने इस हादसे में दिवंगत हुए लोगों की आत्म शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने के लिए परमात्मा से प्रार्थना की है। राज्यपाल ने घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
-0-

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें