गुरुवार, 15 नवंबर 2018

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 19 नवम्बर को सरदारपुरा से दाखिल करेंगे अपना नामांकन

 पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत 19 नवम्बर को सरदारपुरा से दाखिल करेंगे अपना नामांकन



जोधपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए 19 नंवबर को नामांकन दाखिल करेंगे। वे शनिवार को गृहनगर आएगें और सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेगें।

हालांकि अभी तक कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं हुई है लेकिन गहलोत ने कल ही दिल्ली में अपने और सचिन पायलट के चुनाव लड़ने की घोषणा की थी। हालांकि इस घोषणा से पहले ही अशोक गहलोत के नाम से नामांकन पत्र ले लिए गए थे।
बरसों से गहलोत का नियम रहा है कि किसी चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ वे पावटा चौराहे के समीप अपने समर्थकों की एक सभा को सम्बोधित करते है। इस बार भी वे 19 नवंबर को नामांकन दाखिल करने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सभा को संबोधित करेंगे। सभा में जिले भर के प्रमुख कांग्रेसी शामिल होंगे। यह सभा पावटा चौराहे पर होगी। कांग्रेस नेताओं ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी है।


प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और अशोक गहलोत के खास सिपहसालार पुखराज पाराशर, पूर्व जेडीए अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सोलंकी और गहलोत का कामकाज देखने वाले उनके भांजे जसवंत सिंह कच्छवाह ने सभा के लिए स्थान का अवलोकन किया।
गहलोत अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए बहुत कम समय दे पाएंगे। इसलिए 18 नवंबर को जोधपुर पहुंचते ही कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात में जुट जाएंगे। गहलोत सरदारपुरा के अलावा इससे लगती जोधपुर शहर और सूरसागर सीट के कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए जिम्मेदारी देंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें