शुक्रवार, 10 अगस्त 2018

पाकिस्तान की लाहौर जेल से 13 अगस्त को रिहा होंगे जयपुर के गजानंद

पाकिस्तान की लाहौर जेल से 13 अगस्त को रिहा होंगे जयपुर के गजानंद


जयपुर। नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय से एक अच्छी खबर है। पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद गजानंद शर्मा की जल्द ही रिहाई होगी। 13 अगस्त को यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले ही पाकिस्तान सरकार गजानंद को रिहाई होगी। गुरुवार को गजानंद शर्मा की पत्नी मखनी देवी, बेटा मुकेश ने केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह से मुलाकात की। उनके साथ जयपुर से भाजपा सांसद रामचरण बोहरा, हवामहल विधायक सुरेंद्र पारीक, भाजपा नेता राजेंद्र पारीक व स्नेहलता शर्मा भी मौजूद रही।

पाकिस्तान की लाहौर जेल से 13 अगस्त को रिहा होंगे जयपुर के गजानंद, भास्कर ने सबसे पहले किया था खुलासा

जयपुर में फतेहराम का टीबा, नाहरगढ़ के रहने वाले 69 वर्षीय गजानंद करीब 36 साल पहले लापता हो गए थे। अप्रैल माह में उनकी भारतीय नागरिकता संबंधी दस्तावेज सत्यापन के लिए राजस्थान के गृह विभाग में आए। पाक जेल में बंद गजानंद ने बयानों में अपने पैतृक गांव सामोद थानान्तर्गत महार कलां बताया था। इस पर सामोद पुलिस गजानंद के पैतृक घर पहुंची। वहां उनके बेटे मुकेश से पुलिस ने फोन पर संपर्क किया। इसके बाद गजानंद के परिजनों को उनके पाकिस्तान की लाहौर जेल में बंद होने का पता चला। इसका खुलासा दैनिक भास्कर डिजिटल और समाचार पत्र ने सबसे पहले किया था।

सांसद बोहरा व गजानंद के बेटे मुकेश ने की खबर की पुष्टि
- सांसद रामचरण बोहरा व गजानंद के बेटे मुकेश ने खबर की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि राज्यमंत्री वीके सिंह ने मखनी देवी से कहा है कि गजानंद के 13 अगस्त को पाक जेल से रिहाई की संभावना है। इसके बाद तीन-चार दिन दूतावास की कार्रवाई पूरी करने में लगेंगे। गजानंद के भारत लौटते ही उनके परिजनों को सूचना दे दी जाएगी।

- विधायक सुरेंद्र पारीक ने बताया कि सांसद रामचरण बोहरा के सहयोग और पहल पर गजानंद शर्मा के परिवार की गुरुवार को केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह से मुलाकात तय हुई थी। गुरुवार सुबह वे फ्लाइट से नई दिल्ली पहुंचे। इसके बाद सुबह करीब साढ़े 10 बजे केंद्रीय विदेश मंत्रालय पहुंचे। वहां वीके सिंह ने मखनी देवी व उनके बेटे मुकेश से मुलाकात कर जल्द ही गजानंद के भारत वापसी की बात कही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें