रविवार, 1 जुलाई 2018

दिल्ली के एक घर में 7 महिलाओं समेत 11 लोगों के शव मिले, पुलिस को खुदकुशी का शक

दिल्ली के एक घर में 7 महिलाओं समेत 11 लोगों के शव मिले, पुलिस को खुदकुशी का शक


नई दिल्ली. यहां के बुराड़ी इलाके में एक घर में 11 शव मिले। मरने वालों में 7 महिलाएं और 4 पुरुष हैं। 10 शव फंदे पर लटके हुए थे और आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। जबकि 75 साल की बुजुर्ग का शव जमीन पर मिला। ललित भाटिया और उनका परिवार बुराड़ी स्थित संत नगर में रहता था। परिवार की एक किराने की दुकान थी। साथ ही प्लाईवुड और दूध का बिजनेस भी था। घर में बनी दुकान सुबह 6 बजे खुल जाती थी। रविवार को जब दुकान 7.30 बजे तक नहीं खुली तो पड़ोसियों ने पता किया। लोगों ने सीलिंग से शवों को लटके हुए देखा और पुलिस को सूचना दी। दिल्ली के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मरने में वालों में 3 किशोर भी हैं। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।




मामला उलझा हुआ:पुलिस मामले को सीधे तौर पर सुसाइड केस मानने से इनकार कर रही है। घर से किसी भी तरह का कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर का दरवाजा खुला हुआ था। फंदे पर लटके मृतकों के पैर जमीन को छू रहे थे। उधर, पड़ोसियों का भी कहना है कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। इस बीच अरविंद केजरीवाल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही मामले की वजह सामने आएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें