शुक्रवार, 24 फ़रवरी 2017

बाड़मेर.बाड़मेर में महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में गूंजा हरहर महादेव




बाड़मेर.बाड़मेर में महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में गूंजा हरहर महादेव


जिलेभर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने अल सुबह मंदिरों में भोलेनाथ के दर्शन कर भगवान का शिव का अभिषेक किया। महिलाओं व पुरूषों ने उपावास रखकर भगवान की आराधना की। मंदिरों में शिवलिंग पर बिल्वपत्र, आकधतूरा से सजाकर अभिषेक किया। सुबह से लेकर शाम तक शिव भक्ति की सरिता बही। मंदिरों व मठों में दिनभर सत्संग व रात को जागरण के साथ हर हर महादेव के जयकारे गूंजे।

शहर के मंदिरों में आरती के बाद ही श्रद्धालु हर हर महादेव के जयकारों के साथ दर्शन करते नजर आए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर भगवान शिव के दर्शन कर खुशहाली की कामना की। शहर के सिद्धेश्वर महादेव मंदिर, सफेद आकडा, जसदेर धाम, नीम्बेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, सफलेश्वर महादेव मंदिर, सूजेश्वर महादेव मंदिर, शिव मुंडी, रामेश्वर महादेव मंदिर सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

मंदिरों के बाहर मेले का माहौल

शहर के सफेद आकड़ा, जसदेर, रातानाडा मंदिरों में मंदिरों में सुबह से शाम तक मेले का माहौल रहा। इस दौरान महिलाओं व बच्चों ने झेलों का जमकर आनंद उठाया। मंदिरों के बाहर प्रसाद, खिलौने, आईस्क्रीम, खाने पीने, मणिहारी सहित कई वस्तुओं की दुकानें लगी। इस दौरान लोगों ने जमकर खरीददारी की ।

नागदेवता के दर्शनोंं के लिए उमडी भीड़

शहर के ऑफिसर कॉलोनी स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पर्व पर नाग देवता के आने से मोहल्लेवासियों में नागदेवता को देखने के लिए सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने नागदेवता के दर्शन कर खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने नागदेवता को दूध चढ़ाया। जिसने भी नाग के आने का सुना हर कोई मंदिर परिसर में दर्शन के लिए आतुर नजर आया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें