गुरुवार, 19 मई 2016

जोधपुर मां का गला घोंट बेटे ने भी लगाई छत से छलांग, मौत



जोधपुर मां का गला घोंट बेटे ने भी लगाई छत से छलांग, मौत

मां का गला घोंट बेटे ने भी लगाई छत से छलांग, मौत
एयरफोर्स एरिया के क्वार्टर में एक जूनियर वारंट ऑफिसर ने बुधवार देर रात अपनी मां का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद गुरुवार अलसुबह वह खुद मकान की छत से कूद गया। गंभीर हालत में उसे सैन्य अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। दोनों शव मिलिट्री अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। रातानाडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची है।

रातानाडा एसएचओ इंद्र सिंह व एसीपी राजेंद्र दिवाकर ने बताया कि एयरफोर्स में जूनियर वारंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत जगदेव सिंह यादव ने अपनी मां संतरा देवी (70) का गला घोंट दिया। इसके कुछ देर बाद जगदेव सिंह भी लोहे की सीढ़ी लगा कर तीसरी मंजिल पर चढ़ गया और नीचे कूद गया। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने अलसुबह 4.30 बजे जगदे सिंह को जमीन पर गिरा देखा तो उसे मिलिट्री अस्पताल ले गया और मिलिट्री पुलिस को भी सूचित किया।

जगदेव के सिर, जांघ व कूल्हे पर गंभीर चोटें आईं। ऑफिसर को बेहोश अवस्था में अस्पताल लाया गया था। गंभीर चोटों व देर से इलाज मिलने की वजह से अस्पताल में उसकी भी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस मां संतरा देवी को जगदेव के बारे में बताने गई तो वो अपने बिस्तर पर मृत मिली। बिस्तर के पास कंप्यूटर कॉर्ड भी मिली है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी से गला घोंट कर जगदेव ने मां की हत्या कर दी।

पड़ोस में रहने वालों ने पुलिस को बताया कि दोनों कुछ ही समय पहले बैंगलोर से यहां शिफ्ट हुए थे। जगदेव के बीवी व दो बच्चे हैं, जो बैंगलोर में ही रह रहे हैं। जगदेव की मां काफी समय से बीमार थी, जिनका इलाज भी चल रहा था। संभवतया अकेले सार संभाल करने की वजह से वह कुंठित था और उसने एेसा घिनौना काम किया। जगदेव के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। हरियाणा स्थित रेवाड़ी में रहने वाले जगदेव के साले को खबर करने के बाद वह जोधपुर के लिए निकल चुका है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें