शनिवार, 12 दिसंबर 2015

कोटड़ी।कोटड़ी में बारह साल के बालक का अपहरण



कोटड़ी।कोटड़ी में बारह साल के बालक का अपहरण


कस्बे में शनिवार शाम को स्कूल से घर लौट रहे बारह साल के बालक का मोटरसाइकिल पर आए तीन जने अपहरण कर ले गए। रेणवास के निकट बाइक फिसलने से तीनों गिर गए। इससे अनहोनी होने से बच गई। बच्चे के शोर मचाने से आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। इस दौरान दो अपहर्ता भाग छूटे जबकि चालक घायल हो गया। उसे महात्मा गांधी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। कोटड़ी थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज किया। अपहरण के पीछे आपसी रंजिश मानी जा रही है।

थानाप्रभारी राजमल खींची ने बताया कि बिरडौल निवासी रामलाल शर्मा का बारह वर्षीय पुत्र अशोक पढऩे के लिए कोटड़ी आया। कोटड़ी में पढ़ाई करने के बाद वापस घर लौट रहा था। इस दौरान कोटड़ी निवासी दिनेश भांबी, माली खेड़ा निवासी ईश्वर बलाई व एक अन्य मोटरसाइकिल पर आए।

घर छोडऩे के बहाने बैठाया

तीनों ने अशोक को उसके गांव छोडऩे के बहाने वाहन पर बैठाया। चुंकि दिनेश उसके पिता का पूर्व परिचित होने से अशोक बाइक पर बैठा ले गए। बिरडौल ले जाने की बजाए कहीं ओर ले जाने पर रास्ते में अशोक ने आपत्ति जताई। इस दौरान धमका कर तीनों ने अशोक को बैठा दिया। इस बीच एक व्यक्ति ने अशोक का मुंह भी दबा दिया।

हड़बड़ी में फिसली बाइक

बच्चे के शोर मचाने से तीनों हड़बड़ा गए। इससे वाहन की गति बढ़ा दी। हड़बड़ाहट में रेणवास के निकट बाइक फिसल गई। इससे तीनों घायल हो गए। वहीं अशोक को भी चोटे आई। उसके शोर मचाने से आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। इस दौरान दिनेश व एक अन्य भाग छूटा जबकि वाहन चला रहा ईश्वर घायल हो गया। बच्चे ने ग्रामीणों को हालात के बारे में बताया। चोट लगने से ईश्वर को एमजीएच भेजा गया। अपहरण की सूचना से ग्रामीण हरकत में आ गए।

परिजनों को बताई आपबीती, पहुंचे थाने

इस दौरान ग्रामीणों ने बालक की उसके परिजनों से बात कराई। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी गई। परिजन वहां पहुंचे और आपबीती सुनकर कोटड़ी थाने पहुंचे। पुलिस ने पिता की रिपोर्ट पर अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया। थानाप्रभारी खींची के नेतृत्व में सहायक उपनिरीक्षक कन्हैयालाल, सिपाही नरेश सुखवाल और दिनेश कुमार को शामिल करते हुए टीम का गठन कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई।

यह माना जा रहा कारण

रिपोर्ट में बालक के पिता रामलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि दिनेश भांबी उसके यहां मजदूरी करता था। काम ठीक नहीं करने से उसे हटा दिया था। इसे लेकर दिनेश ने झगड़ा भी किया। इसके चलते वह अशोक का अपहरण कर ले जा रहा था। हालांकि अपहरण के पीछे मुख्य कारण और बच्चे का क्या करना था। इस बारे में आरोपितों के हाथ आने के बाद ही कुछ पता लग पाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें