मंगलवार, 29 दिसंबर 2015

जयपुर राजस्थान: 15 जनवरी के बाद भाजपा में होंगे बदलाव



जयपुर राजस्थान: 15 जनवरी के बाद भाजपा में होंगे बदलाव


भाजपा में नई टीम के गठन की कवायद जनवरी के पहले सप्ताह से शुरू हो जाएगी। टीम को लेकर भाजपा नेताओं के बीच चर्चा का दौर शुरू हो जाएगा। मकर संक्रांति के बाद कभी भी भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी मलमास के बाद अपनी नई टीम का ऐलान कर सकते हैं। सूत्रों की मानें तो पुराने पदाधिकारियों में से करीब 75 फीसदी पदाधिकारी बदले जाएंगे। चार जनवरी को राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री वी.सतीश प्रदेश दौरे पर हैं। दौरे के साथ ही प्रदेश टीम को लेकर प्रदेश नेताओं के बीच टीम गठन की चर्चा शुरू हो जाएगी।

सूत्रों की मानें तो पदाधिकारियों के नामों पर चर्चा के साथ राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर भी मंथन किया जाएगा। गौरतलब है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पद पर परनामी की दोबारा नियुक्ति 15 दिसंबर को की गई थी। रूठों को मनाना चुनौती भाजपा की नई टीम गठन में पार्टी से नाराज चल रहे नेताओं को मनाना सबसे बड़ी चुनौती होगी।

परनामी ने अपनी ताजपोशी के बाद स्पष्ट रूप से यह संकेत दिए थे कि पार्टी में सबको साथ लेकर चला जाएगा। यदि कोई नाराज है तो उसे मनाने की बात भी परनामी ने की थी। सूत्रों की मानें तो पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व की तरफ से भी परनामी को सभी को साथ लेकर चलने के निर्देश दिए गए हैं। इस हिसाब से परनामी की टीम में कई नाराज नेताओं को या उनके समर्थकों को जगह मिल सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें