शनिवार, 24 अक्तूबर 2015

पुष्कर।वसुंधरा राजे करेंगी पुष्कर में दीपदान और महाआरती

पुष्कर।वसुंधरा राजे करेंगी पुष्कर में दीपदान और महाआरती

अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में 22 नवम्बर को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सरोवर घाटों पर दीपदान व महाआरती में शामिल होंगी। इसी के साथ पुष्कर मेले का आगाज होगा। तीन दिवसीय भक्ति फेस्टीवल के दौरान भारतीय शास्त्रीय, गीत संगीत की सरिता बहेगी। यह विशेष फेस्टीवल 22 से 24 नवम्बर तक चलेगा।
इस दौरान पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर शोभा मुद्गल शास्त्रीय संगीत के स्वरलहरियां बिखेरेंगी। गायक कैलाश खैर के तराने गूजेंगे। वहीं सेंड ड्यूंस पर विश्व मोहन भट्ट की वीणा से तरंगे निकलेंगी। देशी व विदेशी पर्यटक योगाभ्यास करेंगे।
इसकी तैयारियों के लिए दिल्ली की टीम वर्क नामक कम्पनी को जिम्मा सौंपा गया है। शुक्रवार को टीम वर्क के प्रबंध निदेशक संजय के. रॉय ने पुष्कर आकर आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। उपखंड अधिकारी हीरालाल मीणा, पालिका ईओ सीता वर्मा सहित नगाड़ा वादक नाथू लाल सोलंकी, पुराने रंगनाथ मंदिर के न्यासी अनन्त प्रसाद गनेरीवाल से आयोजनों की रूपरेखा की जानकारी ली गई।


घाटों पर बरसेगा आध्यात्म समरसता का रस
अब तक तय कार्यक्रम के अनुसार तीन दिवसीय भक्ति फेस्टीवल की शुरुआत कार्तिक माह की प्रबोधिनी एकादशी 22 नवम्बर की शाम 6 बजे होगी। पुष्कर सरोवर के 52 घाटों पर अन्तरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त नाथूलाल सोलंकी नगाड़ावादन करेंगे। इसमें 6 नोपत तथा 11 शंखों से शंखनाद होगा। वेदपाठी पंडित वेद मंत्रों का उच्चारण करेंगे। इसी के साथ सरोवर के घाट सामूहिक दीपदान से जगमगा उठेंगे। बावरी घाट (चौड़ी पेड़ी घाट) पर रात 8 से 9 बजे तक दिल्ली के शरत चंद्र श्रीवास्तव का कार्यक्रम होगा। रात्रि 9 से 10 बजे तक प्रसिद्ध गायिका शोभा मुद्गल गीतों की प्रस्तुतियां देंगे। दस बजे बाद हाई लेबिल ब्रिज पर आतिशबाजी होगी।
23 नवम्बर को प्रात: 7 से 8 बजे तक पर्यटन विकास निगम की होटल में दिल्ली के कुलवीर सिंह की ओर सें सामूहिक योगाभ्यास का कार्यक्रम तय किया गया है। इसमें देशी व विदेशी पर्यटक भाग लेंगे। 8 से 9 बजे तक वायु योगा होगा। इसके बाद हेरिटेज-वॉक का कार्यक्रम है। 10 से 11 बजे तक भारतीय शास्त्रीय संगीत पर आधारित निर्बान भट्टाचार्य कार्यक्रम पेश करेंगे। शाम को 4 से 5 बजे तक स्पेन के संगीत समूह की ओर से बावरी घाट पर सांस्कृतिक आयोजन होगा।
सेंडड्य़ूंस पर गूजेंगे गीत-संगीत के तराने-
23 नवम्बर को शाम तहसील कार्यालय के पीछे नए बस स्टैण्ड के पास स्थित सेंडड्य़ूंस प्वाइन्ट पर शाम 6 से 7 बजे तक जैसलमेर के कलाकार राजस्थानी गीत संगीत का कार्यक्रम पेश करेंगे। इसके बाद रात 7 से 8 बजे तक बेस क्लेयरेंन्ट एवं ज्वयू हार्प की विदेशी कलाकारों की टीम संगीत कार्यक्रम पेश करेगी। रात 8 से 8.45 बजे तक प्रसिद्ध संगीतज्ञ विश्व मोहन भट्ट वीण वादन करेंगे। भारतीय फिल्मों व टेलीविजन सीरियलों में अपनी आवाज का जादू बिखेरने वाले गायक कैलाश खैर के तरानों से रेतीले धोरे गूंज उठेंगे।
फेस्टीवल आयोजन की शृंखला के तीसरे दिन 24 नवम्बर को प्रात: 7 बजे पर्यटन निगम की हट्स विलेज में गेशे लोकदर बौद्धिक मेडीटेशन की जानकारी देंगे। इसके बाद प्रात: 8 से 9 बजे तक विनोद कक्कड़ जैन मेडीटेशन पर कार्यक्रम पेश करेंगे। प्रात: 9 से 10 बजे तक पुष्कर सरोवर के बावरी घाट पर विद्या शाह नामक कलाकार भारतीय शास्त्रीय संंगीत का कार्यक्रम पेश करेगी। 11 से 12 बजे तक स्पेन के समूह ला ग्रांडे पैचले की ओर सेे संगीत का कार्यक्रम होगा। दोपहर 12 बजे हेरिटेज वॉक तय किया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें