शनिवार, 26 सितंबर 2015

जयपुर।महापुरूषों के स्मारक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा केन्द्र बनेंगे - राजे



जयपुर।महापुरूषों के स्मारक नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा केन्द्र बनेंगे - राजे

मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि महापुरूषों के जीवन और उनके विचारों से नई पीढ़ी को राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। पं. दीनदयाल उपाध्याय एक ऐसी महान विभूति थे, जिन्होंने अपने कार्यों एवं विचारों के माध्यम से भावी पीढ़ी को समाज के लिए काम करने की दिशा दी।



राजे शुक्रवार को धानक्या रेलवे स्टेशन पर पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक के शिलान्यास समारोह को सम्बोधित कर रही थीं।









उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के महापुरूषों के योगदान और उनकी यादों को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए अन्य स्थानों पर भी स्मारकों का निर्माण करवा रही है, ताकि आमजन उनसे प्रेरणा ले सकें।



मुख्यमंत्री ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के नये राजनैतिक विचार की परिकल्पना की। उनकी यह राजनीतिक सोच आज भी प्रासंगिक है और जनमानस को इस विचार के साथ जुडऩा चाहिए। पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय इस जगह पर बिताया था, इसलिए उनकी जन्मशती वर्ष की शुरूआत के अवसर पर राष्ट्रीय स्मारक और संग्रहालय का निर्माण करवाया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने पांच करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।







केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि सरकार की नीति और योजनाओं का लाभ समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और केन्द्र आैर राज्य की वर्तमान सरकारें इस दर्शन को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही हैं।



नगरीय विकास मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने कहा कि पं. दीनदयाल जी ने स्वतंत्रता के बाद के दौर में भारत की राजनीति की नई दिशा तय की। धानक्या में बनने वाला यह स्मारक एकात्म मानववाद के प्रणेता को सच्ची श्रद्घांजलि होगा। समारोह को राजस्थान धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने भी सम्बोधित किया।







इससे पहले मुख्यमंत्री ने पं. दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक का भूमि पूजन आैर शिलान्यास किया। उन्होंने स्मारक परिसर में पौधारोपण किया तथा कृृषि और पशु पालन विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। रेलवे के जिस क्वार्टर में पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अपना बचपन बिताया, उसमें मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित किया।



इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री कालीचरण सर्राफ, सांसद रामचरण बोहरा, वी.पी. सिंह. सी.पी. जोशी, हरिओम राठौड़, राज्य विधानसभा के उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह, विधायक मोहनलाल गुप्ता, जयपुर जिला प्रमुख मूलचन्द मीणा, राज्य वित्त आयोग की अध्यक्ष ज्योति किरण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा गणमान्यजन उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें