शुक्रवार, 26 जून 2015

विधायक राजावत के भतीजे ने किए रिश्तेदार पर फायर

विधायक राजावत के भतीजे ने किए रिश्तेदार पर फायर

कोटा. बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात लाडपुरा विधायक भवानीसिंह राजावात के भतीजे नवरतन सिंह उर्फ डबलू बना ने अपने एक रिश्तेदार जितेन्द्र सिंह पर बंदूक से दो फायर किए। गोली उसके नहीं लगकर जमीन पर जा लगी। इससे वह बाल-बाल बच गया। पुलिस ने आरोपित व उसके नौकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बोरखेड़ा थानाधिकारी भंवरसिंह ने बताया कि कृष्णा नगर बजरंग नगर निवासी जितेन्द्र सिंह राजावत ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसके घर के बाहर गार्डन में गुरुवार रात उसके मित्र चेतन के जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। वहां उसके परिवार के लोग व कई दोस्त बैठे थे। रात करीब 10.30 बजे नवरतन सिंह उर्फ डबलू बना कार से नौकर कन्हैयालाल गुर्जर के साथ पार्टी में आया।

वहां आते ही उसने पहले तो उससे मारपीट की और बाद में कन्हैया से कार में रखी 12 बोर की बंदूक मंगवाई। जैसे ही बंदूक मिली वैसे ही उसने उस पर दो फायर कर दिए, लेकिन दोनों बार वह बच गया। गोली उसके पास से होकर जमीन में जा लगी। घटना से मौके पर हड़कम्प मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

जितेन्द्र की रिपोर्ट पर पुलिस ने कृष्णा नगर बजरंग नगर निवासी नवरतन सिंह और कैथून के रामराजपुरा निवासी कन्हैयालाल गुर्जर के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उसकी बंदूक व कार भी जब्त कर ली। शुक्रवार को दोनों को अदालत में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उनकी जमानत अर्जी खारिज कर 8 जुलाई तक जेल भेज दिया।




पुलिस कस्टडी में जूस पीया

अदालत ने दोनों आरोपितों को जेल भेजने का आदेश दिया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने अदालत परिसर स्थित कैंटीन में बैठकर जूस पीया। इसके बाद पुलिस उन्हें सर्किट हाउस के रास्ते जेल लेकर गई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें