शनिवार, 27 जून 2015

डॉ. दिगम्बर बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष मनोनीत

डॉ. दिगम्बर बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष मनोनीत


जयपुर राजस्थान सरकार ने पूर्व मंत्री डॉ. दिगम्बर सिंह को बीस सूत्री कार्यक्रम के आयोजन, क्रियान्वयन एवं समन्वय के लिए गठित राज्य स्तरीय समिति का उपाध्यक्ष मनोनीत किया है।

राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार डॉ. सिंह को कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि डॉ. सिंह का जन्म वर्ष 1951 में भरतपुर जिले के बरखेड़ा फौजदार ग्राम में हुआ।

उन्होंने जोधपुर मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की। वर्ष 1993 में वे पहली बार विधायक चुने गए। डॉ. सिंह 12वीं एवं 13वीं विधानसभा में भी विधायक चुने गए। वे राजस्थान में पिछली भाजपा सरकार में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा उद्योग मंत्री रहे।

डॉ. ङ्क्षसह को बीस सूत्री कार्यक्रम की राज्य स्तरीय क्रियान्वयन समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर संसदीय कार्यमंत्री राजेन्द्र राठौड़ एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

डॉ. दिगम्बर सिंह ने अपने मनोनयन पर मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा है कि जो जिम्मेदारी मुख्यमंत्री ने मुझे सौंपी है उसका मैं पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करूंगा।

शिव दयाल शर्मा को राज्य मंत्री का दर्जा

राजस्थान सरकार ने एक आदेश जारी कर सार्वजनिक प्रन्यास मण्डल के सभापित शिव दयाल शर्मा को राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान किया है। शर्मा को राज्य मंत्री स्तर के दर्जे की समस्त सुविधाएं उनके कार्य ग्रहण की तिथि से देय होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें