बुधवार, 24 जून 2015

जोधपुर पार्षद के भाई के घर में नकली गुटखे की फैक्ट्री

जोधपुर पार्षद के भाई के घर में नकली गुटखे की फैक्ट्री


महामंदिर थाना पुलिस ने मंगलवार शाम भदवासिया के तिलक नगर स्थित मकान में दबिश देकर नकली गुटखा बनाने की एक फैक्ट्री पकड़कर संचालक को गिरफ्तार किया। मकान से भारी मात्रा में गुटखा बनाने की सामग्री, तीन ब्राण्डों के हजारों रैपर तथा गुटखा व जर्दा बनाने की सामग्री जब्त की है।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) कैलाश सिंह सांदू के अनुसार तिलक नगर में नारायण पुरी गोस्वामी के मकान में नकली गुटखा बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली। इस पर थानाधिकारी इन्द्रसिंह के निर्देशन में दबिश दी गई, जहां मकान में बड़े स्तर पर गुटखा फैक्ट्री सामने आई।

पुलिस ने मौके से माता का थान गांधी नगर निवासी गुटखा फैक्ट्री संचालक अमित (30) पुत्र सुरेश कुमार सिंधी को गिरफ्तार किया। साथ ही मकान मालिक नारायण पुरी गोस्वामी के बारे में भी जांच की जा रही है। उसने यह मकान फैक्ट्री के लिए किराए पर दे रखा था। उसकी भूमिका सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी। नारायणपुरी का भाई विजय पुरी क्षेत्र का पार्षद है।
भारी मात्रा में गुटखा-जर्दा बनाने की सामग्री जब्त
पुलिस ने मकान से पैकिंग के साथ-साथ गुटखा बनाने की मशीनें जब्त की हैं। इसके अलावा विमल, जाफरी तथा गणेश ब्रांड के नकली गुटखे व जर्दे के हजारों-लाखों रैपर भी बरामद किए गए हैं। साथ ही भारी मात्रा में सुपारी, जर्दा, कत्था, खुशबू के लिए मिलाने में प्रयुक्त होने वाली एसेंस की बोतलें भी जब्त की गई है। कच्चे माल की तुलाई व रैपरों की गिनती देर रात तक जारी थी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें