शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2015

बजट सत्र: सदन में छाया पर्यटन में गिरावट का मामला



राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को घटते पर्यटन का मामला जोरशोर से उठा। निर्दलीय विधायक राजकुमार शर्मा ने प्रदेश में फैल रहे स्वाइन फ्लू के चलते राज्य में पर्यटकों की संख्या घटने मुद्दा उठाया।




उन्होंने कहा कि प्रदेश में सैलानियों की संख्या में गिरावट दर्ज की जा रही है। स्वाइन फ्लू के चलते एक विदेशी पर्यटक की मौत भी हो चुकी है। अगर ऐसे ही हालात रहे तो पधारो म्हारे देस सिर्फ नाम का ही रह जाएगा।




शर्मा ने शेखावाटी क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल लोहार्गल के विकास का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने पर्यटन मंत्री से लोहार्गल को विकसित करने की योजना के बारे में जानकारी चाही लेकिन पर्यटन मंत्री के बजट नहीं होने संबंधी जवाब पर शर्मा ने पूरक प्रश्नों के माध्यम से सरकार पर निशाना साधा।




उन्होंने कहा कि लोहार्गल शेखावाटी के लोगों के लिए पुष्कर जितना बड़ा धार्मिक स्थल है। लोहार्गल का विकास करने के लिए सरकार को बजट का प्रावधान करना चाहिए। इसके जवाब में पर्यटन मंत्री कृष्णेन्द्र कौर ने कहा कि बजट होगा तब लोहार्गल का विकास किया जाएगा।




मंत्री का जवाब सुनकर शर्मा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि श्रीराम के नाम पर भाजपा ने सरकार बनाई लेकिन राम-कृष्ण का नाम लेने पर अब आपको दिक्कत होने लगी है।




विधायक शर्मा ने कहा कि स्वाइन फ्लू के चलते पर्यटन क्षेत्र में 55 सौ करोड़ का घाटा हुआ है। उन्होंने प्रदेश में गुजरात और महाराष्ट्र की तर्ज पर पर्यटन के विकास की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें