शुक्रवार, 31 अक्तूबर 2014

फडणवीस ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, उद्धव भी पहुंचे



महाराष्ट्र के नये मुख्यमंत्री के रूप में देवेंद्र फडणवीस ने शपथ ली, जहां भाजपा ने पहली बार बिना किसी गठबंधन के सरकार बनाई है।
Image Loading



राज्यपाल सी विद्यासागर राव ने वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में 44 वर्ष के फडणवीस को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके कई कैबिनेट सहयोगियों, भाजपा शासित राज्यों और उसके सहयोगी दलों के शासन वाले प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों समेत अन्य लोगों ने भाग लिया।




फडणवीस के साथ सात कैबिनेट मंत्रियों और दो राज्यमंत्रियों ने भी शपथ ली। शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ओर से आखिरी समय में फोन किये जाने के बाद समारोह में भाग लिया जिससे संकेत मिलते हैं कि चुनाव से पहले अलग हो गये दोनों दलों के फिर से निकट आने की संभावना है।




पहले शिवसेना ने गठबंधन सरकार के गठन के लिए बातचीत के दौरान भाजपा द्वारा लगातार अपमानित किये जाने का आरोप लगाते हुए समारोह का बहिष्कार करने का फैसला किया था।




समारोह में सभी की नजरें मोदी ओर उद्धव पर थीं, जिन्होंने हाथ मिलाये और एक दूसरे से कुशलक्षेम पूछी। राज्य के नये कैबिनेट मंत्रियों के तौर पर एकनाथ खड़से, सुधीर मुनगंटीवार, विनोद तावड़े, पंकजा मुंडे :सभी भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य: तथा प्रकाश मेहता, चंद्रकांत पाटिल और विष्णु सवारा ने शपथ ली। राज्यमंत्रियों में दिलीप कांबले और विद्या ठाकुर हैं।




शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, केंद्रीय मंत्रियों नितिन गडकरी, वेंकैया नायडू, रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर और राधामोहन सिंह के साथ छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात तथा राजस्थान के मुख्यमंत्रियों क्रमश: रमन सिंह, मनोहर पार्रिकर, आनंदीबेन पटेल और वसुंधरा राजे ने शिरकत की।




सहयोगी दलों के नेताओं में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू उपस्थित थे। मराठा नेताओं के प्रभुत्व वाले महाराष्ट्र में फडणवीस दूसरे ब्राहमण मुख्यमंत्री बने हैं। इससे पहले शिवसेना के मनोहर जोशी इसी समुदाय से थे।




फडणवीस राज्य के 27वें मुख्यमंत्री बने हैं और इस पद पर काबिज होने वाले 18वें व्यक्ति हैं। वह मुख्यमंत्री बनने वाले विदर्भ क्षेत्र के चौथे नेता हैं।




समारोह में कारपोरेट नेता, बालीवुड स्टार एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर दक्षिण मुंबई में स्थित वानखेडे स्टेडियम के आसपास बेहद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और इस समारोह के लिए 2,500 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। पुलिस ने बताया कि स्टेडियम में पहली बार खुले में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें