बुधवार, 4 जून 2014

लोकसभा का बदला नजारा, पिछली सीट पर नजर आए राहुल



नई दिल्ली। नई लोकसभा की मंगलवार को शुरू हुई पहली बैठक में सदन के भीतर का नजारा बिल्कुल अलग नजर आ रहा था। सोलहवीं लोकसभा के हाल में संपन्न चुनाव में नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में राजग ने दस वर्ष से देश की सत्ता पर काबिज संप्रग सरकार को हराकर जीत हासिल की थी।

first day of 16th lok sabha 
गृहमंत्री राजनाथ सिंह सदन की कार्यवाही शुरू होने से करीब दस मिनट पहले ही सदन में आ गए थे। इससे पहले सत्ता और विपक्ष के सदस्य बड़ी संख्या में सदन में पहुंच चुके थे। सिंह के सदन में पहुंचने पर सबसे पहले उनसे मिलने अन्नाद्रमुक के नेता एम थम्बीदुरई पहुंचे और उन्होंने हाथ मिलाया।

इसके बाद सिंह ने सदन में घूमकर सभी दलों के सदस्यों का अभिवादन किया। करीब 10.55 बजे विदेश मंत्री सुषमा स्वराज सदन में पहुंची। इसके बाद लोकसभा में पहली बार चुनकर आये सडक परिवहन, राजमार्ग और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी पहुंचे।

मुलायम ने मिलाया मोदी से हाथ
क्रीम कलर का कुर्ता और चूडीदार पायजामा पहने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 10.58 पर सदन में प्रवेश करने पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने मेजे थप-थपाकर स्वागत किया। इसके बाद मोदी ने सदन में सदस्यों का अभिवादन किया। चुनाव अभियान के दौरान एक दूसरे पर तीखे प्रहार करने वाले सपा के प्रमुख मुलायम सिंह यादव से उनके स्थान पर जाकर हाथ मिलाया।

सोनिया से मोदी ने किया नमस्कार
हरे रंग की साड़ी पहने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उसी समय सदन में प्रवेश किया था और मोदी ने हाथ जोड़कर उन्हें भी नमस्कार किया। कांग्रेस उपाध्यक्ष और अमेठी से सांसद राहुल गांधी ने कार्यवाही शुरू होने के बाद सदन में प्रवेश किया और वह विपक्षी बेंच पर सबसे पीछे की तरफ ही बैठ गए।

विपक्षी बेंच पर अगली सीटों पर लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे और पूर्व पेट्रोलियम मंत्री वीरप्पा मोइली बैठे थे। गांधी उस सीट पर बैठी थीं जिस पर पिछले सदन में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी बैठा करते थे। मोदी सत्ता पक्ष की अगली पंक्ति में आडवाणी के साथ बैठे और कुछ क्षणों तक बातचीत की।

पहली बार लोकसभा में चुनकर आये पश्चिमी दिल्ली सीट के सांसद भाजपा के प्रवेश वर्मा ने सदन में विपक्षी सदस्यों के गेट से प्रवेश किया और वहीं पीछे की तरफ बैठ गए। पिछले सदन में कांग्रेस के सांसद रहे जगदंबिका पाल इस बार पाला बदलकर भाजपा से चुनाव लडे थे और सत्ता पक्ष के सदस्यों की पिछली पंक्ति में नजर आ रहे थे ।

सदन में गेरूआ वस्त्रधारी भी
इस बार सदन में गेरूआ वस्त्रधारी सदस्यों की संख्या भी कुछ अधिक नजर आ रही थी। पिछले सदन में भाजपा के योगी आदित्यनाथ और बीजू जनता दल के पी के पटसानी ही गेरूआ वस्त्र में नजर आते थे, लेकिन इस बार ऎसे सदस्यों की संख्या बढ गई है।

लोकजनशकित पार्टी प्रमुख एवं खाद्य, आपूर्ति एवं सार्वजनिकवितरण प्रणाली मंत्री रामविलास पासवान पहली पंक्ति में भाजपा के वरिष्ठ सांसद मुरली मनोहर जोशी तथा शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू के साथ बैठे। रसायन एवं उवर्रक मंत्री अनंत कुमार गले में केसरिया रंग का अंगोछा डाले हुए थे। कई सांसद भी केसरिया रंग का कुर्ता पहने हुए थे।

सदन में गूंजा जय श्रीराम
गाजियाबाद से सांसद पूर्व थल सेना अध्यक्ष एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री जनरल वी के सिंह के प्रवेश करने पर भी सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अस्थायी अध्यक्ष कमलनाथ के प्रवेश करने पर दक्षिण के सांसदों से नेवडक्कम कहकर उनका अभिवादन किया, तो सत्ता पक्ष की तरफ से जय श््रीराम कहकर उनका स्वागत किया गया।

कार्यवाही समाप्त होने के बाद मोदी कुछ मिनट सदन में ही रहे। राजनाथ, वेंकैया नायडू और सुषमा स्वराज से मोदी ने बातचीत की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें