बुधवार, 4 जून 2014

सुमित्रा महाजन बनेंगी लोकसभा स्पीकर, 5 जून को भरेंगी नामांकन पत्र!



इंदौर। लोकसभा स्पीकर के लिए इंदौर की सांसद सुमित्रा महाजन का नाम तय हो गया है। मंगलवार को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर उन्हें पार्टी के इस निर्णय की सूचना दी। अध्यक्ष का चुनाव छह जून को होना है और संभवत: पांच जून को वह नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।

 
 मध्य प्रदेश से पहली बार किसी नेता को लोकसभा अध्यक्ष बनने का मौका मिलेगा। महाजन इंदौर से लगातार आठवीं बार सांसद चुनी गई हैं। एक ही संसदीय क्षेत्र से लगातार आठ चुनाव जीतने वाली देश की पहली महिला सांसद हैं। स्पीकर पद के लिए महाजन का नाम प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की पसंद पर तय हुआ है। मंत्रिमंडल के गठन के पहले ही पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने महाजन को इस आशय के संकेत दे दिए थे। लंबे संसदीय कार्यकाल में महाजन ने कई बार अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की अनुपस्थिति में सदन का संचालन किया है। वह संसद की कई प्रमुख समितियों की अध्यक्ष भी रहीं। 15वीं लोकसभा में वह ग्रामीण विकास विभाग की स्थाई समिति की अध्यक्ष थीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें