आधी रात पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा, साथ नहीं आई तो मारी गोली



जयपुर. खेड़ान गांव की बांकड़ी ढाणी में गुरुवार रात एक बजे पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा पति सुबह चलने की बात कहने पर इतना नाराज हुआ कि उसे गोली मार दी। गंभीर घायल गल्ली देवी को जयपुर रैफर किया है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी पति झूथाहेड़ा निवासी राजकुमार मीणा को रातभर पेड़ से बांधे रखा। सुबह पुलिस को सौंपा। दोनों की शादी 11 माह पहले ही हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंची।

एक तरफ राजस्थान में पति ने पत्नी की जान ली तो दूसरी तरफ भोपाल में गुरुवार रात शादी समारोह में एक युवक ने स्टेज पर चढ़कर दुल्हन को गोली मार दी। आरोपी युवक अनुराग नामदेव दुल्हन जयश्री की बुआ का बेटा था। वह जयश्री से एकतरफा प्यार करता था।

दो फायर करने के बाद उसने खुद को भी गोली मारने की कोशिश की लेकिन लोगों ने पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उससे देसी कट्टा बरामद हुआ है। रात करीब 11:15 बजे स्टेज पर अनुराग ने स्टेज पर पहुंचकर नजदीक से जयश्री को गोली मारी। घायल जयश्री को तत्काल एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

डॉक्टर थी दुल्हन, मौत
जयश्री नामदेव भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज के शिशु रोग विभाग में पदस्थ थी। उसकी शादी इसी कॉलेज से सर्जरी में पीजी कर रहे रोहित नामदेव के साथ होनी थी। घटना के बाद मातम का माहौल हो गया। घनश्याम की इकलौती बेटी थी जयश्री।

टिप्पणियाँ