बुधवार, 28 मई 2014

अगले भाजपा अध्यक्ष पद की रेस में ओम माथुर भी शामिल -



नई दिल्ली। राजनाथ सिंह के नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में मंत्री बनने के बाद अगला भाजपा अध्यक्ष चुनने के लिए कवायद शुरू हो गई है।

Om Mathur may be next BJP presidentराजनाथ सिंह ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित संघ मुख्यालय में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत से मुलाकात की। बैठक में भाजपा और संघ के बीच समन्वय का काम देख रहे सुरेश सोनी भी मौजूद थे। बैठक में अगला भाजपा अध्यक्ष चुनने के मुद्दे पर चर्चा हुई।

एक व्यक्ति-एक पद के सिद्धांत पर चलेगी भाजपा

सूत्रों के मुताबिक भाजपा एक व्यक्ति,एक पद के सिद्धांत पर चलेगी। ऎसे में मंत्री बनने के कारण राजनाथ सिंह को भाजपा अध्यक्ष का पद छोड़ना होगा। गौरतलब है कि संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुहर के बाद ही राजनाथ सिंह को भाजपा अध्यक्ष बनाया गया था। पहले नितिन गडकरी को भाजपा अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा थी लेकिन वह भी मंत्री बन गए हैं।

जेपी नड्डा और अमित शाह का नाम भी चर्चा में

समाचार चैनलों के मुताबिक अध्यक्ष पद के लिए तीन दावेदारों के नाम सामने आए हैं। इनमें जेपी नड्डा,ओम माथुर और अमित शाह शामिल है। सूत्रों के मुताबिक जेपी नड्डा राजनाथ सिंह की निजी पसंद है लेकिन हिमाचल प्रदेश में ट्रेक रिकॉर्ड उनके खिलाफ जा सकता है।जेपी नड्डा के हिमाचल प्रदेश के स्थानीय नेताओं से अच्छे संबंध नहीं थे इसलिए उन्हें छोड़ने के लिए कहा गया था।

अमित शाह यूपी के प्रभारी हैं। यूपी में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के चलते उन्हें अध्यक्ष बनाया जा सकता है लेकिन गुजरात की राजनीति में पृष्ठभूमि अमित शाह के खिलाफ जा सकती है। अमित शाह कथित फर्जी मुठभेड़ प्रकरणों में आरोपी हैं। सूत्रों के मुताबिक अगर अमित शाह को चुना जाता है तो यह संदेश जाएगा कि प्रधानमंत्री और भाजपा अध्यक्ष गुजरात से है। ओम माथुर गुजरात के प्रभारी हैं। वे राजस्थान में प्रदेशाध्यक्ष भी रह चुके हैं। ओम माथुर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी हैं। -

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें