रविवार, 27 अप्रैल 2014

फंदे पर मिली पत्नी, पति पर अवैध संबंध के आरोप, दहेज हत्या का मामला दर्ज


पति सहित ससुर, सास, जेठ, जेठानी के विरुद्ध पीहर पक्ष ने दर्ज करवाया हत्या का मामला 


 मेड़ता रोड/रेण जोधपुर जिले के ओसियां निवासी व हाल चांदणा भाकर जोधपुर में रहने वाले एक परिवार की बेटी भावना शुक्रवार शाम संदिग्ध हालात में फंदे पर झूलती मिली। उसकी शादी नौ साल पहले नागौर जिले के रेण के लोकेश से हुई थी। शादी के बाद कुछ दिन सब ठीक ठाक चला मगर पति की गलत हरकतों व दहेज प्रताडऩा के चलते संबंध पेचीदा होते गए। भावना शुक्रवार शाम को फंदे पर लटकी मिली। मामला तब और गंभीर हो गया जब जोधपुर से आए पीहर पक्ष ने भावना के पति पर अपनी ही भाभी से अवैध संबंध होने व भावना को दहेज के लिए प्रताडि़त करने का आरोप लगाते हुए दहेज हत्या का मामला दर्ज करवा दिया। फिलहाल मेड़ता रोड पुलिस ने शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव पीहर पक्ष को सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश आचार्य ने रिपोर्ट दी कि उसकी 30 वर्षीय पुत्री भावना की शादी रेण निवासी लोकेश के साथ नौ वर्ष पहले की थी। शादी के बाद एक पुत्र को जन्म दिया जिसकी उम्र करीब आठ वर्ष है।
शादी के बाद भावना को ससुराल वालों ने दहेज की मांग को लेकर परेशान शुरू कर दिया। पिता ने आरोप लगाया कि लोकेश के उसकी भाभी से घनिष्ठ संबंध हैं। इस कारण भावना को परेशान किया जा रहा था। इस मामले में दोनों पक्षों के बीच बैठक कर सामाजिक स्तर पर भी समझाइश हुई, लेकिन बात बनी नहीं। ओमप्रकाश का आरोप है कि शुक्रवार को पति लोकेश, ससुर रामस्वरूप, जेठ मुकेश, सास प्रकाशी, जेठानी इंदु ने मिलकर उसकी पुत्री को फंदा लगाकर हत्या कर दी व सबूत नष्ट कर दिए।
थानाधिकारी संपत सिंह राजावत ने बताया कि शुक्रवार को भावना का शव उसके रेण स्थित ससुराल में फंदे से लटका मिला था। शव पहले मेड़ता रोड मोर्चरी में रखवाया। शनिवार सुबह मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा कर शव पीहर पक्ष के सुपुर्द किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार भावना का पोस्टमार्टम सीएमएचओ द्वारा गठित मेडिकल टीम के डॉ. मोहम्मद अफजल, डॉ. राजकुमार डिडेल, डॉ. प्रियंका सोनी द्वारा किया गया। पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही उसके साथ मारपीट सहित अन्य बातों का भी खुलासा हो सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें