गुरुवार, 6 मार्च 2014

आप के 14 कार्यकर्ता गिरफ्तार, आशुतोष भी होंगे गिरफ्तार!

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच बुधवार को हुई हिंसक झड़प पर बवाल बढ़ता ही जा रहा है। बीजेपी के शिकायत करने के बाद दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के 14 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही पुलिस ने आप के तीन बड़े नेताओं आशुतोष,शाजिया इल्मी और प्रोफेसर आनंद कुमार को गिरफ्तारी करने की तैयारी में है। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने आशुतोष,शाजिया इल्मी और प्रोफेसर आनंद कुमार सहित 33 लोगों के खिलाफ संसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की है। सभी के खिलाफ दंगा भड़काने,सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने,चोट पहुंचाने और सरकारी कर्मचारियों को अपनी डयूटी निभाने से रोकने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस ने शाजिया इल्मी,आशुतोष और आनंद कुमार को हिरासत में ले लिया। गुजरात के पाटन में अरविंद केजरीवाल को हिरासत में लिए जाने के बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम भाजपा मुख्यालय के बाहर हिंसक प्रदर्शन किया था। इसमें 28 लोग घायल हो गए थे। इनमें 13 आप कार्यकर्ता,10 भाजपा समर्थक और कुछ मीडियाकर्मी शामिल है।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताüओं ने भाजपा दफ्तर में घुसने की कोशिश की,जिसके बाद दोनों ओर से पथराव हुआ था।

आम आदमी पार्टी के नेता प्रशांत भूषण ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े किए है। उन्होंने कहा,पुलिस ने सिर्फ आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही मामले क्यों दर्ज किए गए? भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? आप नेता सोमनाथ भारती ने कहा,भाजपा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया?

इस बीच गृह मंत्रालय ने सभी राजनीतिक पार्टियों के दफ्तरों की सुरक्षा बढ़ाने का निर्देश दिया है। पुलिस ने गृह मंत्रालय से कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उकसाने की कोशिश की। -

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें