शुक्रवार, 3 जनवरी 2014

छेड़खानी से आहत युवती ने लगाई आग

रीवा/इंदौर/पन्ना। मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र में छेड़खानी से आहत एक युवती ने आग लगाकर खुदकुशी करने का असफल प्रयास किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बीणा गांव निवासी युवती ने गुरूवार को अपने घर में मिट्टी का तेल उडेल कर आग लगा ली। युवती को गंभीर हालत में उपचार के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पीडित युवती के परिजनों ने खुलासा किया कि गत 31 दिसंबर को युवती धार्मिक स्थल बसामन मामा दर्शन के लिए गई। इसी दौरान शहर के ढेकहा निवासी एक युवक अखिलेश ने उससे छेड़छाड़ की।

इस घटना की जानकारी युवती ने अपने परिजनों को दी लेकिन परिजनों ने उसकी बात पर ध्यान नहीं दिया और घटना से आहत युवती ने आग लगा ली। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी।

छेड़छाड़ के मामले में डिप्टी रेंजर गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की सलेहा पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के मामले में शुक्रवार को वन विभाग के एक डिप्टी रेंजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार सगरा बैरियर में प्रभारी के पद पर पदस्थ डिप्टी रेंजर बाराती गोंड को पुलिस ने सुबह डयुटी के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने गत 31 दिसंबर की रात बैरियर के समीप स्थित एक चाय की दुकान चलाने वाली महिला से छेड़छाड़ की थी। घटना की रात ही महिला ने सलेहा थाना पहुंच कर आरोपी डिप्टी रेंजर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मासूम से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र में मासूम बालिका से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले बदमाश को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार रेडिमेट काम्प्लेक्स क्षेत्र में चार वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी धनराज कुर्मी को लोगों ने गुरूवार रात पकड़ कर जमकर पीटा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी ने बालिका को घर की छत पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया इसी दौरान एक लड़की ने उसे यह करते देख लिया था। पुलिस प्रकरण दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें