रविवार, 29 दिसंबर 2013

नरेंद्र मोदी की रैली में जन सैलाब उमड़ा

रांची। नरेन्द्र मोदी झारखंड की राजधानी रांची में पहली बार रैली करने आ रहे हैं। मोदी को सुनने के लिए यहां जन सैलाब उमड़ना शुरू हो गया है। बीती रात से लोग मोदी को सुनने के लिए बसों और अपने वाहनों से यहां आ रहे हैं। मोदी यहां सिर्फ तीन घंटे ही रूकेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी रविवार को यहां विमान से दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे पहुंचेंगे। यहां धुर्वा इलाके में आयोजित रैली को संबोधित करने के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।

मोदी को सुनने के लिए यहां लोगों का तांता लगना शुरू हो गया है। बीती रात से ही यहां लोग दूर दराज के इलाकों से आना शुरू हो गए हैं। बसों और अन्य वाहनों से लोग यहां आ रहे हैं।

रैली की सुरक्षा को लेकर प्रशासन भी खासा सतर्क है और रात को पुलिस के आला अधिकारी क्षेत्र और शहर में स्वयं भ्रमण करते रहे। हजारों की संख्या में तैनात पुलिसकर्मी यह सुनिश्चित करने में लगे हुए हैं कि रैली स्थल पर बिना सुरक्षा जांच के किसी को अंदर नहीं जाने दिया जाए।

मोदी के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह और केन्द्रीय नेता सौदान सिंह भी यहां आएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें