शनिवार, 28 दिसंबर 2013

अगवा कर दोस्तों संग किया पत्नी से दुष्कर्म



लखनऊ। आपसी विवाद में मुरादाबाद में पति ने वहशीपन की हदें पार कर दीं। पत्नी का अपहरण कर उसे चार दिन तक बंधक बनाए रखा। फिर भाई व दोस्तों के साथ मिलकर दुष्कर्म किया। बदहवास पीड़िता को सड़क किनारे फेंक दिया।

एसएसपी आशुतोष कुमार ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर पति राम अवतार, देवर जयवीर व दो अज्ञात साथियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जाएगा।

 


मूंढापांडे थाना क्षेत्र के नियामतपुर इकरौटिया के जंगल में कल युवती बदहवास मिली। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती कटघर दस सराय निवासी एक मजदूर की बेटी है। वह महानगर के महाविद्यालय से स्नातक कर रही थी। इसी दौरान डेढ़ वर्ष पहले पाकबड़ा के मोढ़ातैया निवासी राम अवतार से उसके प्रेम संबंध हो गए। दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली, मगर कुछ महीने बाद ही दोनों में विवाद होने लगा।

परेशान होकर युवती मायके में आकर रहने लगी। युवती ने पति रामअवतार पर जुलाई में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी तारीखें पड़ रही थीं। 23 दिसंबर को एसीजेएम द्वितीय के न्यायालय में मुकदमे की तारीख थी और दिन में 12:30 बजे वह तारीख से वापस लौट रही थी।

आरोप है कि कचहरी के पीछे गेट के पास राम अवतार मिला और समझौते की बात कही। काले शीशे वाली गाड़ी में गुमराह कर बैठा लिया गया। उसी समय गाड़ी में तीन लोग और आ गए, जिनमें राम अवतार का भाई जयवीर भी था। चारों लोगों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और खेतों के पास मकान में ले गए।

कभी चाय में नशीला पदार्थ तो कभी नशीला इंजेक्शन लगा दिया जाता था। वहां उसके साथ चार दिन तक भाई व दोस्तों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। शुक्रवार सुबह युवती को रामपुर हाइवे किनारे नंदन कानन रेस्टोरेंट के पास बेहोशी की हालत में फेंक दिया। होश आने पर उसने एकत्र लोगों को आपबीती सुनाई।

सूचना पर पहुंचे मूंढापांडे थाना प्रभारी ने पीड़िता को प्राथमिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां पीड़िता ने पुलिस को जानकारी देते हुए शरीर पर जख्म भी दिखाए। एसएसपी आशुतोष कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट पति राम अवतार, देवर जयवीर व दो अज्ञात साथियों के खिलाफ दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट आने पर सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें