गुरुवार, 29 अगस्त 2013

मोस्ट वांटेड आतंकी यासीन भटकल पुलिस की गिरफ्त में



नई दिल्ली। देश में कई बम धमाकों का आरोपी आंतकी यासीन भटकल पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। एनआईए ने भटकल को नेपाल-बिहार बॉर्डर पर रक्सौल से गिरफ्तार किया है। भटकल इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापक सदस्यों में से एक है और देश में कई धमाकों का मास्टरमाइंड है। भटकल के साथ ही एक और आतंकी असदुल्ला को भी गिरफ्तार किया गया है। भटकल की गिरफ्तार जांच एजेंसियों के लिए बहुत बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।

गिरफ्तार दोनों आतंकियों से एनआईए और स्थानीय पुलिस किसी गुप्त ठिकाने पर ले जाकर पूछताछ कर रही है। हालांकि सुरक्षा कारणों से जांच एजेंसी और स्थानीय पुलिस इस मामले पर विस्तार से कुछ भी बताने से इंकार कर रही है। बताया जा रहा है कि भटकल मधुबनी के रास्ते बिहार से अक्सर नेपाल जाता रहता था। रॉ और आईबी की ओर से मिली जानकारी के आधार पर एऩआईए कुछ समय से उसके लिए जाल बिछा रही थी और आखिरकार वो इसमें फंस ही गया।
यासीन भटकल कर्नाटक के भटकल का रहने वाला है और इसी के चलते उसका नाम भटकल पड़ा। उसने देश में करीब 10 बड़े धमाकों को अंजाम दिया है। 2008 के जयपुर और सूरत धमाकों में भटकल का हाथ माना जाता है। 2011 के पुणे जर्मन बेकरी धमाके में भी उसी का हाथ होने का आरोप है। इसके अलावा दिल्ली और अहमदाबाद ब्लास्ट में भी भटकल का ही नाम सामने आया है। जानकारों की मानें तो भटकल की गिरफ्तारी इंडियन मुजाहिदीन के लिए तगड़ा झटका है और इस आतंकी संगठन की रीढ़ तोड़ सकता है।

लगातार ट्रेस कर रही थी खुफिया एजेंसियां
भटकल को कल रात बिहार-नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि गृह मंत्रालय ने भी कर दी है। इस ऑपरेशन में कर्नाटक और दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल को भी शामिल किया गया था। पिछले 7 दिनों से भटकल को इंटरसेप्ट किया जा रहा था। खुफिया एजेंसियां लगातार उसे ट्रेस करने में लगी थी। आखिरकार नेपाल से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें