शनिवार, 10 अगस्त 2013

"गहलोत सरकार ने भ्रष्टाचार में प्रदेश को अव्वल बनाया"

बानसूर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष वसुंधरा राजे ने कहा कि आज प्रदेश को गहलोत की सरकार ने भ्रष्टाचार और महिला उत्पीड़न में नम्बर एक बना दिया है। उन्होंने कहा कि जो सरकार मूलभूत सेवाएं नहीं दे सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई हक नहीं है। प्रदेश में चिकित्सा, शिक्षा, बिजली, कानून व्यवस्था, पेयजल का बुरा हाल है। हम सभी के साथ मिलकर नए राजस्थान का निर्माण करेंगे। "गहलोत सरकार ने भ्रष्टाचार में प्रदेश को अव्वल बनाया"
राजस्थान के लोग स्वाभिमानी और संघर्षशील हैं और जो समय पर सही फैसला करेंगे। हम 36 कोमों को साथ लेकर चलेंगे।

राजे शनिवार को कस्बे के भाजपा कार्यालय के सामने सुराज संकल्प यात्रा के दौरान सभा को सम्बोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए पलायन कर रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर 24 घंटे बिजली देने का प्रबंध किया जाएगा।

यह मांगा विधायक ने

विधायक डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने भाजपा के सत्ता में आने पर राजे से बानसूर की जनता के लिए सरकारी कॉलेज, नगरपालिका व नारायणपुर को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग की। इस पर राजे ने कहा कि सरकार आने पर सभी जरूरतें पूरी होंगी, इससे पूर्व विधायक ने पिछली भाजपा सरकार के कार्यो की जानकारी दी।



मंच पर राजे का स्वागत

वसुंधरा राजे का विधायक डॉ. रोहिताश्व शर्मा ने चांदी का मुकुट एवं चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया। वहीं भाजयुमो ने तलवार भेंट की। यादव समाज, व्यापार मंडल, भाजपा मंडल, सहित प्रधान मीना कुमारी एवं पूर्व प्रधान कांता शर्मा व भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर शर्मा ने चुनरी ओढ़ाकर राजे सम्मान किया। सरपंच संघ ने 51 किलो फूलों की माला पहनाई।

हाथ मिलाने की होड़ रही

वसुंधरा राजे जब सभा संबोधित कर वापस जा रही तो मंच से उतरते समय आसपास खडे लोग हाथ मिलाने के लिए एक दूसरे को धक्का मार रहे थे और मैडम से हाथ मिलाने के लिए भाग रहे थे।

यह रहे मंज पर मौजूद

मंच पर यात्रा संयोजक सांसद भूपेन्द्र यादव, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश मेघवाल, सुभाष महरिया, विधायक राजेन्द्र राठौड़, दिगम्बर सिंह, रणवीर पहलवान, रामहेत यादव, ज्ञानदेव आहूजा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र गहलोत, पूर्व विधायक धर्मपाल चौधरी, जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष सुमन शर्मा, नगरपालिका बहरोड़ अध्यक्ष जलेसिंह यादव, धर्मवीर शर्मा, विजय पंसारी, शशिकांत बोहरा सहित कई लोग मौजूद थे।

देरी से पहुंची राजे

बानसूर में सुराज संकल्प यात्रा का समय सुबह 11 बजे का दिया गया था, लेकिन राजे समय से करीब तीन घंटे देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। जनता के मनोरंजन के लिए रागिनी कलाकर की भी मदद ली गई। कार्यक्रम में बानसूर व नारायणपुर मंडल के कार्यकर्ता पदाधिकारी, क्षेत्र के सरपंच जिलापार्षद, पंच पूर्व सरंपच सहित बडी संख्या में लोग मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें