गुरुवार, 1 अगस्त 2013

बारह साल के लड़के ने किया पांच साल की बच्ची से बलात्कार



जबलपुर।। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बारह साल के लड़के द्वारा पांच साल की बच्ची से कथित रूप से बलात्कार का मामला सामने आया है। यह घटना जिले के गोसलपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के आमी गांव में हुआ है। पुलिस ने आरोपी बच्चे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कस्टडी में ले लिया है।

गोसलपुर पुलिस चौकी प्रभारी याकूब खान ने बताया कि पीड़ित बच्ची की मां ने कल शाम रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पांच वर्षीय बच्ची पड़ोस में रहने वाले बारह वर्षीय बच्चे के साथ दोपहर के समय खेल रही थी। लड़का अमरूद का लालच देकर उसकी बच्ची को बगीचे में ले गया और उसके साथ बलात्कार किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि बच्ची रोते हुए घर आई और घटना की जानकारी अपनी मां को दी।

स्थानीय पुलिस ने बताया कि आरोपी लड़का चौथी क्लास तक पढ़ा है और एक साल पहले उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। स्कूल से उसकी उम्र के संबंध में डॉक्युमेंट मांगे गए हैं। हालांकि प्रारंभिक मेडिकल रिपोर्ट में बलात्कार के संबंध में डाक्टर ने स्पष्ट राय व्यक्त नहीं की है।पीड़ित बच्ची को जांच के लिए जबलपुर के शासकीय विक्टोरिया अस्पताल भेजा गया है। आरोपी लड़के और पीड़ित बच्ची दोनों के ही परिवारों की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है और माता-पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पुलिस ने आरोपी लड़के के खिलाफ धारा 363, 366, 376(2), बाल लैंगिक अपराध संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 3(5), 6 के तहत केस दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें