मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने के शोभा डे के ट्वीट पर सियासी तूफान



मुंबई।। तेलंगाना को अलग राज्य बनाने की तैयारी के बीच मुंबई को भी महाराष्ट्र से अलग करने के एक ट्वीट भर ने एमएनएस चीफ राज ठाकरे और शिवसेना का पारा चढ़ा दिया। जानी-मानी लेखिका शोभा डे ने मुंबई के एक अलग राज्य की संभावना के बारे में यह ट्वीट किया था, जिस पर जमकर सियासी बयानबाजी हो रही है। शिवसेना, एमएनएस के बाद महाराष्ट्र के बाकी राजनीतिक दलों एनसीपी और बीजेपी ने भी शोभा डे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
Shobha De
दरअसल इस पूरे बवाल की शुरुआत लेखिका शोभा डे के एक ट्वीट से हुई। शोभा डे का ट्वीट था, 'महाराष्ट्र और मुंबई??? आखिरकार मुंबई की हमेशा एक अलग पहचान रही है। इस मामले में असीम संभावनाएं हैं।' शोभा डे के इस ट्वीट का भाव निकाला गया कि तेलंगाना अलग राज्य बन सकता है तो फिर मुंबई महाराष्ट्र से अलग क्यों नहीं हो सकता है।

शोभा डे का यह ट्वीट करना था कि सियासी बयानबाजी शुरू हो गई। राज ठाकरे ने शोभा डे पर ताना कसते हुए ट्वीट किया कि अलग राज्य कोई तलाक की तरह आसान नहीं है। इसके बाद शिवसेना ने भी डे के खिलाफ मोर्चा खोल लिया।शिवसेना ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा है कि वह डे के खिलाफ केस दर्ज करवाएंगे। शिवसेना ने कहा कि अगर शोभा डे पार्टी हैंगओवर में हैं, तो वह जल्द इससे बाहर निकल आएं। एनसीपी प्रवक्ता नवाब मलिक ने भी इस पर कहा कि इस तरह की मांग स्वीकार नहीं की जा सकती है।
हालांकि शोभा डे ने बाद में अपने ट्वीट पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने तो बस मजाक किया था। उन्होंने कहा, 'जोक और व्यंग्य के बीच में भारी अंतर है। मेरा ट्वीट अलग राज्यों को बनाने के फैसले पर एक व्यंग्य भर था। '

टिप्पणियाँ