मंगलवार, 30 जुलाई 2013

लड़कियों के अश्लील फोटो किए अपलोड

लड़कियों के अश्लील फोटो किए अपलोड

डीडवाना। एक युवती के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर "ट्रिक फोटोग्राफी" की मदद से शहर की कई लड़कियों की अश्लील फोटो अपलोड करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आईपीसी एवं साइबर एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया है। दूसरी ओर घटना को लेकर परिजन एवं लोगों में गुस्सा है। उन्होंने पुलिस व प्रशासन से आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस वृत्त निरीक्षक भीष्मराज आर्य ने बताया कि गत दिवस शहर की एक लड़की के नाम की फर्जी आईडी से शहर की 20-25 लड़कियों के अश्लील फोटो अपलोड कर दिए गए।

इन फोटो के साथ अश्लील स्लोगन व कई कमेंट भी लिखे गए हैं। साथ ही एक मोबाइल नम्बर भी दर्शाया गया है। आर्य के अनुसार एक पीडिता ने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को आशंका है कि संभवतया इस लड़की की फर्जी आईडी बनाई गई या पासवर्ड चुराकर घटना को अंजाम दिया गया है। जिन लड़कियों के फोटो अपलोड किए गए, उनके भी पुलिस बयान ले रही है। पुलिस ने आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत 3/6 महिला अशिष्ट प्रतिरूपण अधिनियम एवं 292 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीआई भीष्मराज आर्य को सौंपी गई है।

लोगों में आक्रोश
साइबर क्राइम से जुड़ी इस घटना के बाद शहर के लोगों में गुस्सा है। घटना से पीडित लड़कियां सहम गई हैं। कई तो घर से निकलने से भी डर रही हैं। कुछ लड़कियों की तबीयत बिगड़ गई है। नगर के प्रबुद्धजनों ने एसडीएम व डीएसपी से मिलकर घटना की गहन जांच कर दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।

एसपी को करवाया अवगत
पुलिस उपाधीक्षक मंगलाराम ने नागौर एसपी को घटनाक्रम की जानकारी दी। डीएसपी ने बताया कि साइबर क्राइम अपराध की श्रेणी में होने के कारण इसकी गहनता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

तीन दिन पहले डाली गई फोटो
बताया जा रहा है कि तीन दिन पूर्व रात को फेसबुक पर शहर की लड़कियों के फोटो अपलोड करने का सिलसिला शुरू हुआ। एक के बाद एक लगातार कई लड़कियों के फोटो फेसबुक पर आने के बाद शहर में सनसनी फैल गई। इन लड़कियों की फोटो अश्लील फोटो के साथ मिक्स कर अपलोड की गई। घटना के बाद से वह आईडी अब बंद बताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें