शुक्रवार, 3 मई 2013

जम्मू में पाक कैदी पर हमला,कोमा में गया

जम्मू में पाक कैदी पर हमला,कोमा में गया
जम्मू। पाकिस्तान में भारतीय कैदी सरबजीत सिंह पर लाहौर के कोट लखपत जेल में हमले से मौत के बाद जम्मू की कड़ी सुरक्षा वाली कोट बलवाल जेल में एक साथी कैदी ने एक पाकिस्तानी कैदी पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट आने से पाकिस्तानी कैदी कोमा में चला गया।



हमले के शिकार हुए पाकिस्तानी कैदी को फ्लाइट से चंडीगढ़ के अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। इसी बीच भारत और पाकिस्तान के बीच इस मामले को लेकर तनाव बढ़ने लगा है। जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक पूर्व भारतीय सैनिक ने शुक्रवार को सनाउल्लाह के सिर में हथौडे से वार किया था। दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ था। पाकिस्तान में सियालकोट के रहने वाले सनाउल्लाह को पहले जम्मू के मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल ले जाया गया। डाक्टरों ने बताया कि वह कोमा में चला गया है।


भारत ने इस हमले को दुखद बताया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने कहा, मामले की जांच की जा रही है तथा दोषी को सजा मिलेगी। वहीं पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा,"यह यकीनन भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की मौत का बदला लिया गया है।"


इसी बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने यह सुझाव दिया है कि दोनों देशों के अधिकारियों को मिलकर भारतीय और पाकिस्तानी कैदियों की सुरक्षा और मानवीय व्यवहार को सुनिश्चित करना चाहिए।


जम्मू कश्मीर सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं और जेल अधीक्षक को निलंबित भी कर दिया है। इसके अलावा भारत में पाकिस्तान के राजनयिकों को सनाउल्लाह से मिलने दिया जाएगा।


17 साल से जेल में है -

यह पाकिस्तानी कैदी पिछले 17 साल से कोट बलवाल जेल में है। उसके खिलाफ हत्या सहित आठ मामले दर्ज हैं। दो मामलों में उसे उम्रकैद की सजा हो चुकी है। वहीं विनोद पिछले छह साल से जेल में है। वह हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें