शुक्रवार, 31 मई 2013

मैडम से बड़ा फोटो किसी और का न हो

मैडम से बड़ा फोटो किसी और का न हो

बाड़मेर। पार्टी के बड़े और पुराने नेता सुराज यात्रा से पहले कार्यकर्ताओ का आह्वान कर उन्हें मैदान में लाएं। बड़े स्थानों पर सभा होनी चाहिए। मानवेन्द्रसिंह यहां और हम एकजुट रहे तो सभी सीटेे जीतेंगे। प्रदेशाध्यक्ष वसुंधराराजे की सुराज संकल्प यात्रा को लेकर गुरूवार को यहां भाजपा की बैठक में कार्यकर्ताओं ने इस तरह के सुझाव दिए। संगठन के मुद्दों पर चर्चा हुई।

सुराज संकल्प यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान सिणधरी व गडरारोड़ सहित बड़े स्थानों पर सभा रखने की मांग कार्यकर्ताओं ने की। सगंठन में एकजुटता के लिए बड़े नेताओं के मनमुटाव दूर करने का मशविरा दिया। मृदुरेखा चौधरी, रतनलाल बोहरा, रूपसिंह राठौड़, रामसिंह बोथिया, बाबूसिंह सिलौर, नारायण जोशी, दौलतसिंह खारा, पहाड़सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं ने सुराज यात्रा को लेकर अपने क्षेत्र के सुझाव रखे। राष्ट्रीय सह सगंठन मंत्री वी सतीश व प्रदेश उपाध्यक्ष अर्जुन aमेघवाल की मौजूदगी में हुई बैठक की अध्यक्षता मेजर पर्बतसिंह ने की। पूर्व सांसद मानवेन्द्रसिंह मौजूद थे।

चुनाव की छाया
बैठक में चुनाव का असर नजर आया। लंबे समय बाद भाजपा की बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के पहुंचने से हॉल खचाखच भर गया।

एकजुटता का आह्वान
वी सतीश, अर्जुन मेघवाल और मानवेन्द्रसिंह ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रदेशाध्यक्ष की सुराज यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया। यात्रा सुव्यवस्थित हो इसके लिए सभी को संकल्प लेने की बात कही। जिलाध्यक्ष मेजर पर्बतसिंह ने आभार व्यक्त करने के साथ ही यात्रा को लेकर सुझाव दिए।

होर्डिग पर रखें ध्यान
बैठक में नेताओं व कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि स्वागत के दौरान 51 किलो और अधिक भार की मालाओं से परहेज करें। इसमें माला ही दिखती है, मैडम का चेहरा नहीं। पोस्टर और होर्डिग में इसका ख्याल रखें कि बड़ा फोटो मैडम का हो और छोटा अन्य पदाधिकारी का। किसी भी स्थिति में मैडम से बड़ा फोटो किसी और का नहीं हो।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें