गुरुवार, 2 मई 2013

जवानों को गर्मी से बचाव के लिए 'कूलवेस्ट' : डीजी


जवानों को गर्मी से बचाव के लिए 'कूलवेस्ट' : डीजी 



बीएसएफ डीजी सुभाष जोशी पहुंचे बाड़मेर, सीमा क्षेत्र का लेंगे जायजा


 बाड़मेर  'बीएसएफ के जवान रेगिस्तानी इलाकों में 50 डिग्री तापमान होने के बावजूद देश की सुरक्षा का कार्य कर रहे हैं। जवानों को भीषण गर्मी में किसी प्रकार की तकलीफ ना हो इसके लिए डीआरडीओ को 'कूलवेस्ट' नामक ड्रेस तैयार करने को कहा गया है। कूलवेस्ट से सामान्य तापमान 15 डिग्री तक कम हो जाएगा।' यह बात सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक सुभाष जोशी नेे बुधवार को बाड़मेर में कही। जोशी बीएसएफ के क्षेत्रीय मुख्यालय पर आयोजित संयुक्त सैनिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। जोशी दो दिन तक सीमा क्षेत्र का भ्रमण करने के साथ ही बॉर्डर की सुरक्षा व्यवस्था तथा जवानों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का जायजा लेंगे।



जवानों से हुए रूबरू

बीएसएफ डीजी विशेष विमान से सुबह 10:30 बजे उत्तरलाई वायुसेना स्टेशन पहुंचे। जहां पर उनका गुजरात फ्रंटियर के आईजी ए.के. सिन्हा, डीआईजी माधोसिंह चौहान व यू.के. नियाल सहित अन्य अधिकारियों ने अगवानी कर स्वागत किया। डीजी के साथ स्पेशल डीजी (वेस्ट) राजदीपसिंह तथा डीआईजी हरमिंदरपाल भी विशेष विमान से बाड़मेर पहुंचे। यहां से सभी अधिकारी बीएसएफ के क्षेत्रीय मुख्यालय पहुंचे। यहां पर उन्होंने सैनिकों को संबोधित किया तथा जवानों की समस्याओं से रूबरू होकर उनके निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।


मौजूदा वर्ष 'जवानों का वर्ष' 

डीजी ने सैनिक सम्मेलन में जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि यह वर्ष 'जवानों का वर्ष' के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मेरे कार्यकाल के दौरान ही सभी सीमा चौकियों पर भोजनालय, बैरक तथा शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके साथ ही वे स्वयं सीमांत मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर जवानों के लिए अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करेंगे।



सतर्कता घुसपैठ पर लगाम 

उन्होंने कहा कि बाड़मेर सेक्टर में पिछले तीन वर्षों से तस्करी व घुसपैठ की कोई भी घटना सामने नहीं आई है, कभी घुसपैठ की कोशिश भी नहीं हुई। यह सब बीएसएफ के जवानों की चौकसी और सतर्कता के कारण संभव हो पाया है। जवानों ने घुसपैठियों को दबोचा भी है। जवानों से फायरिंग और शारीरिक दृढ़ता के क्षेत्र में अधिक से अधिक दक्षता प्राप्त करने के लिए डीजी ने जवानों को प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने जवानों से अपने स्वास्थ्य का भी बराबर ख्याल रखने की बात कही।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें