शुक्रवार, 5 अप्रैल 2013

ठाणे में 7 मंजिला इमारत ढही,28 की मौत

ठाणे में 7 मंजिला इमारत ढही,28 की मौत

मुंबई। मुंबई के ठाणे में गुरूवार को एक निर्माणाधीन इमारत गिरने से 28 लोगों की मौत हो गई जबकि 65 लोग घायल हो गए। मरने वालों में एक गर्भवती महिला शामिल है। घायलों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। करीब 44 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। ऎसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। नागरिक डिजास्टर कंट्रोल के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


पुलिस के मुताबिक गुरूवार शाम 5 बजे शील फाटा इलाके में सात मंजिला इमारत गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाडियां और 24 एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची। सिविक कमिश्नर आर.ए.राजीव और जिला कलेक्टर पी.वेलारासु की देखरेख में राहत एवं बचाव कार्य शुरू हुआ।


इमारत के मलबे से 13 पुरूषों और एक गर्भवती महिला का शव निकाला गया। महिला की पहचान शकीला इमरान सिदि्दकी के रूप में हुई है। उसे सीएमएस अस्पताल ले जाया गया। उस वक्त उसके पेट से भ्रूण बाहर लटक रहा था। अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।


सिविक ऑफिशियल के मुताबिक शील धाईगर इलाके में सात मंजिला इमारत अवैध रूप से बनी थी। यह वन विभाग की जमीन पर बनाई गई थी। चार मंजिलों में लोग रह रहे थे। घटना के वक्त बिल्डिंग में 28 परिवार थे।


सूत्रों के मुताबिक इमारत का निर्माण मुंब्रा निवासी नसीफ कुरैशी और जमीन कुरैशी ने करवाया था। उन्होंने घटिया निर्माण सामग्री काम में ली थी,इसलिए वह ढह गई। नसीफ और जमीन घटना के बाद से फरार हैं। मजदूरों का आरोप है कि बिल्डरों ने कई मजदूर परिवारों को इमारत में इसलिए रहने दिया था ताकि यह लगे कि यह अवैध रूप से नहीं बनी है और इसे नहीं गिराया जाएगा।


सूत्रों के मुताबिक घटना के वक्त आठ से दस मजदूर आठवें माले पर काम कर रहे थे। ठाणे नगर निगम की आपदा प्रबंध सेल के प्रमुख संतोष कदम ने बताया कि तीन से चार महीने में ही सात मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई। घटिया निर्माण सामग्री इस्तेमाल करने के कारण इमारत गिर गई। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें