शनिवार, 9 मार्च 2013

भाजपा से लोग "भ्रमित" हैं: आडवाणी

भाजपा से लोग "भ्रमित" हैं: आडवाणी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का मानना है कि लोग पार्टी से "कुछ भ्रमित" हैं जिसके चलते उन्हें दुख होता है। अप्रत्यक्ष तौर पर नितिन गडकरी पर हमला बोलते हुए पूर्व गूह मंत्री ने कहा कि वर्ष 2010 में कर्नाटक के तत्कालीन मुख्यमंत्री बी एस येदीयुरप्पा को भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पद से हटाने के बाद राज्य इकाई में उठे बवाल को पार्टी ढंग से संभाल नहीं पाई। उल्लेखनीय है कि तब गडकरी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।


एक मैग्जीन को दिए साक्षात्कार में आडवाणी ने कहा,पिछले कुछ सालों में मुझे इस बात से दुख है कि वर्तमान समय को देखते हुए जनता केन्द्र में सत्ता पर काबिज सकरार से नाराज है लेकिन साथ ही भाजपा से भी भ्रमित हैं। भ्रष्टाचार पर जोर देते हुए पूर्व उपप्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने पर पार्टी इसके प्रति शून्य सहिष्णुता अपनाएगी।


हालांकि आडवाणी ने खुलासा नहीं किया लेकिन उनका इशारा येदीयुरप्पा की ओर था जिनपर भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पद से हटाने में पार्टी को हिचकिचाहट हो रही थी। दक्षिण भारत में येदीयुरप्पा के नेतृत्व में पहली सरकार बनाने वाली भाजपा ने अपने मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार के आरोप लगने के बाद पद से हटाने में महीनों लगा दिए थे।


आडवाणी ने राष्ट्रीय राजधानी में पिछले हफ्ते हुई पार्टी की सभा का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों के पार्टी के प्रति भ्रमित होने से वे काफी भावुक और दुखी हो गए थे। हालांकि साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह पार्टी के भविष्य को लेकर वह काफी आशावादी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें