शुक्रवार, 1 मार्च 2013

बलात्कार के बाद आत्मदाह का प्रयास

बलात्कार के बाद आत्मदाह का प्रयास
नागौर। बलात्कार के बाद आत्मदाह के प्रयास में झुलसी पीडिता मौत से जंग लड़ रही है। जयपुर के सवाई मानसिंह चिकित्सालय में झुलसी पीडिता का इलाज चल रहा है। नाबालिग लड़की को आत्मदाह करने को उकसाने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत के बावजूद पीडित परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है। पीडिता की मां ने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक के समक्ष उपस्थित होकर न्याय की फरियाद की है।

डीडवाना निवासी एक महिला ने गुरूवार को जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक के सामने पेश होकर पुत्री के साथ बलात्कार करने व उसे आत्मदाह के लिए उकसाने के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। महिला ने बताया कि 19 फरवरी रात्रि वह अपने पति के साथ जोधपुर गई थी। इस दौरान पीछे उसके चार लड़के व एक नाबालिग लड़की थे। इस दौरान पड़ौस में रहने वाला युवक आसिफ बिसायती पुत्र यूसुफ लड़की को डरा धमकाकर अपने घर ले गया।

जहां उसने लड़की के साथ बलात्कार किया। बहन को घर में नहीं पाकर पुत्रों ने आसपास ढूंढ़ा। उस दौरान लड़की पड़ौसी के घर से निकलती दिखाई दी। दूसरे दिन सुबह वह आग से बुरी तरह झुलस गई। जिसे जयपुर के एसएमएस में भर्ती कराया गया है। इस मामले की डीडवाना थाने में रिपोर्ट लिखवाने गए, मगर रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई। पीडिता की मां ने आरोप लगाए हैं कि आरोपी उसे तरह-तरह की धमकियां दे रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें