शनिवार, 2 मार्च 2013

मोदी सबसे लोकप्रिय सीएम:राजनाथ

मोदी सबसे लोकप्रिय सीएम:राजनाथ
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली में चल रहे राष्ट्रीय अधिवेशन में गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरे दिन भी छाए रहे। पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने भी मोदी की जमकर तारीफ की और उन्हें सर्वाधिक लोकप्रिय मुख्यमंत्री करार दिया।

आगामी चुनावों के लिए रणनीतियों पर मंथन के लिए आयोजित भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि पूरा देश मोदी के विकास को लेकर बात कर रहा है। बैठक में मोदी के जयकारे लगाए गए और पार्टी अध्यक्ष के कहने पर भाजपाईयों ने मोदी को खड़े होकर सम्मान भी दिया।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन शुक्रवार को भी मोदी का बोलबाला रहा। गुजरात में पार्टी को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने वाले मोदी का विशेष अभिनंदन किया गया। तब भी राजनाथ ने कहा था कि उन्होंने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्हें पीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने की मांग भी उठी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें