सोमवार, 4 फ़रवरी 2013

राजे के रोड शो में कटारिया भी होंगे



राजे के रोड शो में कटारिया भी होंगे


जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भारतीय जनता पार्टी की प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद सात फरवरी को पहली बार जयपुर आएंगी तो विधानसभा में प्रतिपक्ष के नए नेता गुलाबचंद कटारिया भी उनके संग होंगे। राजे का यह सफर शाहजहांपुर सीमा से जयपुर के बीच रोड शो के रूप में होगा। रास्ते में तीन दर्जन से ज्यादा स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। जगह-जगह सभाएं होंगी। भाजपा के राजस्थान प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव भूपेन्द्र यादव व किरीट सोमैया भी उनके साथ आ सकते हैं।




रविवार को कई विधायक व नेताओं ने जयपुर से शाहजहांपुर तक का दौरा किया तो कुछ विधायक दिल्ली से आकर उनके साथ जुड़ गए। इनमें पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दिगम्बर सिंह, सुमन शर्मा, विधायक दल के सचेतक राजेन्द्र राठौड़, विधायक ओम बिड़ला, प्रवक्ता भवानी सिंह राजावत, विधायक कालीचरण सराफ, राधेश्याम गंगानगर, जसवंत यादव, बनवारी लाल सिंघल, रोहिताश्व शर्मा, हेमसिंह भड़ाना शामिल हैं। बहरोड़ में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में राठौड़ ने कार्यकर्ताओं को बताया कि राजे सात फरवरी को सुबह साढे नौ बजे हरियाणा सीमा से राजस्थान में प्रवेश करेंगी।




एकजुटता से ही कांग्रेस से मुकाबला

उदयपुर. भाजपा नेता गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सभी जान गए हैं कि एकजुटता से ही कांग्रेस से मुकाबला किया जा सकता है। पार्टी हाईकमान ने शनिवार को दिल्ली में एकजुटता के लिए ही यह निर्णय किया है। वे नेता प्रतिपक्ष घोषित होने के बाद रविवार सुबह अभिनंदन कार्यक्रम में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।




आठ को संभालेंगी पदभार

राजे आठ फरवरी को सुबह 11 बजे पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में निवर्तमान अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी से पदभार लेंगी। बाद में वे नागौर जिले के दौरे पर चली जाएंगी। वे 9 या 10 फरवरी को कुंभ स्नान के लिए जा सकती हैं।




पूर्व मंत्री ने जताई खुशी

जयपुर. पूर्व मंत्री रामकिशोर मीणा ने राजे को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि इससे सभी समाजों के साथ-साथ मीणा समाज में भी भारी उत्साह और खुशी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें