शनिवार, 29 दिसंबर 2012

मध्यप्रदेश के सीएम स्थापत्य कला से अभिभूत




मध्यप्रदेश के सीएम स्थापत्य कला से अभिभूत
सीएम शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार सुबह जैसलमेर पहुंचे और पटवा हवेली व सोनार दुर्ग का भ्रमण किया राजनीति के संबंध में बातचीत करने से इंकार किया 

जैसलमेर  मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान शुक्रवार को सुबह जैसलमेर एयरफोर्स स्टेशन पर विशेष विमान से पहुंचे। यहां से वे सीधे ही सूर्यागढ़ गए, जहां उन्हें गार्ड ऑनर देने के बाद उनका भावभीना स्वागत किया गया। उनके साथ उनकी पत्नी व पुत्र भी आए हैं। सूत्रों के अनुसार वे राजस्थान का भ्रमण करने आए हैं, पहले जैसलमेर और बाद में माउंट आबू जाएंगे। जैसलमेर पहुंचने पर उन्होंने शुक्रवार को पटवा हवेली, सोनार दुर्ग और शाम को कन्नोई के धोरों पर केमल सफारी का लुत्फ उठाया। शनिवार को वे तनोट माता के दर्शन करने जाएंगे और बॉर्डर भी देखेंगे। 

वाह क्या पटवा हवेली है : सूर्यागढ़ में लंच करने के बाद मुख्यमंत्री चौहान अपने परिवार सहित शहर स्थित पटवों की हवेलियां देखने पहुंचे। वे हवेलियों की नक्काशीदार कला को देखकर अभिभूत हो उठे। गाइड के रूप में नवनीत व्यास ने उन्हें पटवा हवेलियों के इतिहास के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने पहले बाहर से और बाद में हवेलियों का अंदर से अवलोकन किया।

सोनार दुर्ग को बाहर से ही देखा : जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री के भ्रमण में सोनार दुर्ग को देखने को प्लान नहीं था। स्थानीय विधायक व भाजपा कार्यकर्ताओं के आग्रह पर उन्होंने सोनार दुर्ग को देखने का मन बनाया। पटवा हवेली के बाद वे सोनार दुर्ग पहुंचे जहां अखे प्रोल में काफिला को रोककर सीएम चौहान अपने परिवार सहित पैदल ही दुर्ग की घाटी पर चढ़े। दशहरा चौक में रानी महल को बाहर से निहारा और जैसलमेर की अद्भुत स्थापत्य कला की प्रशंसा की।

राजनीति पर बात नहीं करूंगा : सूर्यागढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद मुख्यमंत्री चौहान ने मीडिया से बात करने से पहले स्पष्ट कर दिया कि वे राजनीति के संबंध में कुछ भी बात नहीं करेंगे। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रेगिस्तान के कण कण में वीरता है।

यह सूर्यवीरों की भूमि है और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व के दौरान पोकरण में परमाणु परीक्षण भी किए गए थे। तनोट माता का चमत्कारिक मंदिर है। उन्होंने कहा कि स्वाभाविक रूप से जैसलमेर को देखने की लालसा थी, इसलिए यहां आए हैं। इसके बाद जैसे ही उनसे 2014 के चुनाव के बारे में प्रश्न किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी चुनाव को छोड़ छाड़ कर यहां आया हूं, इसलिए इस संबंध में कुछ नहीं कहूंगा।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

मुख्यमंत्री चौहान के सूर्यागढ़ पहुंचने पर भाजपा विधायक छोटू सिंह भाटी तथा वरिष्ठ नेता शैतानसिंह राठौड़ के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर मुलाकात की। मुख्यमंत्री चौहान ने भाजपा विधायक से जैसलमेर के बारे में जानकारी ली। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह हमीरा, भगवानदास गोपा, युवा नेता कंवराजसिंह चौहान, भंवरसिंह, दलपत मेघवाल, नवल चौहान, सवाईसिंह, आम सिंह आदि कार्यकर्ता भी मौजूद थे। दुर्ग की अखे प्रोल में भी भाजपा कार्यकर्ताओं व जैसलमेर के लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें