शनिवार, 29 दिसंबर 2012

जोधपुर.8 युवक, 5 युवतियां, फार्म हाउस में चल रही थी रेव पार्टी!

जोधपुर.पाली रोड पर मोगड़ा क्षेत्र में स्थित एक फार्म हाउस पर रेव पार्टी मना रहे आठ युवक और पांच युवतियों को पुलिस ने देर रात 11:30 बजे गिरफ्तार किया।
एसीपी (पश्चिम) प्रीति जैन ने बताया कि स्पेशल टीम के सदस्य चंचल प्रकाश शर्मा, पुनीत त्यागी को इसकी सूचना मिली थी कि पाली रोड पर मोगड़ा के निकट मुख्य मार्ग से एक किलोमीटर भीतर स्थित वेदांता फार्म में नितिन नामक शख्स के यहां रेव पार्टी चल रही है।

पुख्ता जानकारी के बाद लूणी थानाधिकारी नितिन दवे के साथ पुलिस टीम ने मोगड़ा क्षेत्र में इस फार्म हाउस पर दबिश दी। फार्म हाउस सरस्वती नगर निवासी नितिन अरोड़ा का है। पार्टी में पकड़ी गई युवतियां न्यू ईयर पार्टी तक शहर के अलग-अलग इलाकों में भी जाने की तैयारी में थीं।

पांच युवक जोधपुर के, पांचों युवतियां बाहरी

नितिन अरोड़ा के फार्म हाउस पर दबिश में पुलिस को युधिष्ठिर खत्री, नाथूसिंह, सुरेशचंद्र कलाल, आशीष खत्री, अशोक अरोड़ा, बंटी, सुनील व बलदेव के साथ लुधियाना, दार्जिलिंग व दिल्ली से आई 5 युवतियां मिली। पुलिस ने तलाशी में यहां से बीयर, शराब की बोतलें, सिगरेट सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।

सुरक्षा के भी थे पूरे इंतजाम

रेव पार्टी आयोजकों ने सुरक्षा के भी पूरे इंतजाम कर रखे थे। चारदीवारी के भीतर दो कुत्ते भी छोड़ रखे थे। पार्टी चरम पर थी। तभी पुलिस पहुंच गई। आपत्तिजनक हालत में मिले युवक-युवतियों के पास भागने का तब कोई रास्ता नहीं था।

पाल रोड पर भी पकड़ी गई थी रेव पार्टी

जोधपुर में करीब चार वर्ष पहले बोरानाडा क्षेत्र में भी एक क्लब पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई थी।


रेव पार्टी यानी..

एक ही ग्रुप के लोगों द्वारा एकांत स्थान पर पार्टी का आयोजन किया जाता है। इसकी सूचना भी कोड वर्ड में दी जाती है। रेव पार्टी स्थल पर डीजे पर हाई बीट म्यूजिक, लेजर व डिस्को लाइट, स्मोक मशीन के धुएं के बीच पार्टीसिपेंट नशे में डांस करते हैं। यह नशा शराब, स्मैक, ड्रग्स व नशीली गोलियों सभी तरह का होता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें