शनिवार, 3 नवंबर 2012

शराबी पति से परेशान पत्नी ने की आत्महत्या


शराबी पति से परेशान पत्नी ने की आत्महत्या

नागौरश्रीबालाजी कस्बे की ढाणियों में रहने वाली चार बच्चों की मां ने शुक्रवार को शराबी पति से परेशान होकर शरीर पर केरोसीन डाल आग लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता ने दहेज के लिए प्रताडि़त करने व आए दिन परेशान करने, मरने के लिए प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। थानाधिकारी मनोज माचरा ने बताया कि गीता (28) पत्नी जेठाराम मेघवाल ने शरीर पर केरोसीन डाल कर आग लगा ली। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसी प्रेमाराम मेघवाल की सूचना पर श्रीबालाजी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने श्रीबालाजी अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके पिता को सुपुर्द कर दिया। गीता के पिता गुढ़ा भगवानदास निवासी भगवानाराम पुत्र जोगाराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि गीता को उसका पति जेठाराम मेघवाल आए दिन शराब के नशे में मारपीट कर दहेज के लिए प्रताडि़त करता था। इससे परेशान होकर गीता ने आत्महत्या कर ली।

पहले किया बच्चे को कमरे में बंद

थानाधिकारी ने बताया कि महिला का पति घर से बाहर गया हुआ था। उस दौरान घर में उसका एक साल का बच्चा ही था। एक लड़का स्कूल गया हुआ था। दो लड़के पास की ढाणी में खेलने गए थे। गीत ने आत्महत्या करने से पहले एक साल के बच्चे को कमरे में बंद कर कुंडी लगा दी। फिर केरोसिन से आग लगा कर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें