शनिवार, 27 अक्तूबर 2012

कैबिनेट में फेरबदल से पहले इस्‍तीफों की झड़ी!

नई दिल्ली. केंद्रीय कैबिनेट में रविवार को प्रस्‍तावित फेरबदल से पहले मंत्रियों के इस्‍तीफों की झड़ी सी लग गई है। विदेश मंत्री एसएम कृष्णा के इस्तीफे के बाद शनिवार को छह और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रधानमंत्री को अपना इस्‍तीफा सौंप दिया। इनमें अंबिका सोनी, सुबोधकांत सहाय, मुकुल वासनिक, महादेव खंडेला, विंसेंट पाला और अगाथा संगमा शामिल हैं। राष्‍ट्रपति ने अब तक सात मंत्रियों के इस्‍तीफे मंजूर कर लिए हैं।
कैबिनेट में फेरबदल से पहले इस्‍तीफों की झड़ी! 
इस बीच, पवन बंसल से संसदीय कार्यमंत्री का पदभार लेकर केंद्रीय शहरी विकास मंत्री कमलनाथ को संसदीय कार्य मंत्री का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया है। बंसल के पास जल संसाधन मंत्रालय का ही काम रह गया है। हालांकि, इन खबरों की आधिकारिक तौर पर अभी पुष्टि नहीं हुई है।

इन इस्तीफों के मद्देनजर मनमोहन सिंह की कैबिनेट में बड़े पैमाने पर फेरबदल की संभावना लग रही है, जिससे न सिर्फ सरकार बल्कि कांग्रेस पार्टी की सूरत भी बदल सकती है। उम्मीद है कि मनमोहन सिंह हिमाचल प्रदेश रवाना होने से पहले रविवार को सुबह लगभग 10 बजे अपने मंत्रिमंडल का विस्तार करेंगे और कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करेंगे। एक और प्रस्ताव के बाबत अटकलें लगाई जा रही हैं जिसके तहत राहुल गांधी को कांग्रेस में महासचिव के मौजूदा पद से तरक्की देकर कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है। एनसीपी कोटे से अगाथा संगमा का हटना भी तय माना जा रहा है।

वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा देश के नए विदेश मंत्री बन सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक विदेश मंत्री एसएम कृष्णा के इस्तीफे के बाद खाली हुई कुर्सी पर आनंद शर्मा के बैठने का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक आनंद शर्मा की जगह डी. पुरंदेश्वरी देश की नई वाणिज्य मंत्री तो दक्षिण के सुपरस्टार चिरंजीवी के देश के नए पर्यटन मंत्री बनने की पूरी संभावना है। पेट्रोलियम मंत्रालय में भी फेरबदल हो सकता है। केंद्रीय खेल राज्य मंत्री अजय माकन और रेल राज्य मंत्री के.एच. मुनियप्पा का प्रमोशन कर दोनों को कैबिनेट रैंक दिए जाने की संभावना है। माकन को सूचना एवं प्रसारण मंत्री का प्रभार सौंपा जा सकता है। अबु हसन खान चौधरी, सूर्यप्रकाश रेड्डी तारिक अनवर और के. कृपारानी को मंत्री बनाया जा सकता है। ये सभी रविवार को शपथ ले सकते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें