शनिवार, 1 सितंबर 2012

राज और लालू आमने-सामने

राज और लालू आमने-सामने
मुंबई। एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे ने धमकी दी है कि अगर बिहार सरकार मुंबई के पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करती है तो बिहारियों को घुसपैठिया करार देकर महाराष्ट्र से बाहर निकाल दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि राज की पार्टी महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों के खिलाफ हिंसक अभियान चला चुकी है। राज मीडिया में आई उस खबर पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें कहा गया है कि बिहार के मुख्य सचिव नवीन कुमार ने मुंबई के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर एक बिहारी युवक की गिरफ्तारी पर नाखुशी जताई है। इस युवक को 11 अगस्त को आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन के दौरान शहीद स्मारक को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

ठाकरे ने पत्र के बारे में कहा, बिहार के मुख्य सचिव ने मुंबई पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की धमकी दी है। पत्र में लिखा गया है, बिहार के किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने से पहले मुंबई पुलिस को बिहार सरकार से संपर्क करना चाहिए। अगर मुंबई क्राइम ब्रांच उनके राज्य से किसी व्यक्ति को बिहार सरकार की जानकारी में लाए बिना गिरफ्तार करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

राज ने कहा, अगर बिहार सरकार जांच में रोड़ा बनती है तो मेरी पार्टी महाराष्ट्र में मौजूद हर बिहारी को घुसपैठिया बताएगी और उन्हें राज्य छोड़ने पर मजबूर कर देगी। अमर जवान स्मारक को नुकसान पहुंचाने वाले युवक को मुंबई पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया था। मैं बिहार के मुख्य सचिव को बताना चाहूंगा कि आपके राज्य के कारण महाराष्ट्र में अपराध काफी बढ़ गया है।

अब्दुल कादिर मोहम्मद यूनुस अनसारी 19 को मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोमवार को सीतामढ़ी से गिरफ्तार किया था। उसे 11 अगस्त को मुंबई के आजाद मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान अमर जवान स्मारक को नुकसान पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। असम व म्यांमार में मुसलमानों के खिलाफ हुई हिंसा के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया था।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें