शुक्रवार, 1 जून 2012

सोने के दाम में भारी गिरावट, टूटा 30 साल का रिकॉर्ड

 

सोने ने किसी 1 महीने में गिरावट के मामले में अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। पिछले 30 वर्षो में सोने की वैश्विक कीमतों में मई के दौरान सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। 6 फीसदी की ये गिरावट अमेरिका में आर्थिक संकट, यूरोप का सरकारी ऋण संकट और एशियाई बाजारों में ऊंची कीमतों का नतीजा है। वहीं जनवरी 2000 के बाद पहली बार सोने में लगातार चौथे महीने अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गिरावट रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, मई के दौरान सोना करीब 6 फीसदी नीचे चला गया है। इससे पहले इतनी बड़ी गिरावट 1982 में देखी गई थी। मई 1982 में सोने के दामों में 10 फीसदी की गिरावट आई थी। वर्तमान में सोने की कीमत करीब 29100 रुपये प्रति दस ग्राम है।


दिलचस्प है कि यूनान के यूरो मंडल में बने रहने के लिए चुनाव, स्पेन का बैंकिंग संकट और इटली में पूंजी की बढ़ती लागत से निवेशकों ने सोने से किनारा करना शुरू कर दिया है। अब लोग यूरोप के वित्तीय संकट के चलते डालर में निवेश करने लगे हैं।


उधर, अंतर्राष्ट्रीय कारोबार के दौरान सोने के दामों में तेजी दर्ज की गई। सोने के दाम 1570.20 डालर प्रति औंस तक चढ़ गए। अमेरिका में सोने का वायदा 5.60 डालर की मजबूती के साथ 1571.30 डालर प्रति औंस पर दर्ज किया गया।

जानकारों का कहना है कि अगर अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार होता है और यूरो की वित्तीय हालत बेहतर होती है तो सोने की मांग में इजाफा होगा। हालांकि इसकी संभावना कम है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें