शनिवार, 3 मार्च 2012

पाकिस्तान में ईसाई महिला का बाल मुंडवा कर सड़कों पर घुमाया

लाहौर.पाकिस्तान के पंजाब प्रान्त के एक गांव में एक ईसाई महिला को उसके कथित इस्लाम विरोधी विचारो के कारण एक भीड़ ने बेहरमी से यातनाएं दी और उसे गांव की सड़कों पर घुमाया।
 
स्थानीय निवासियों और पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को इस घटना की जानकारी दी।

लाहौर से 80 किलोमीटर दूर स्थित सियालकोट जिले के कोट मेरठ गांव के कोई 30 निवासियों ने सीमा बीबी नाम की इस महिला को 26 फरवरी को उसके घर से बाहर निकाल कर पहले उसके बाल मुंडवाए और फिर सड़कों पर उसकी परेड कराई। स्थानीय निवासियों के मुताबिक घटना के बाद अपनी जान बचाने के लिए सीमा बीबी और उसके परिवार ने गांव छोड़ दिया।

कोट मेरठ के एक निवासी असलम मसीह ने बताया "सीमा और उसका परिवार को उग्रवादी ग्रामीणों के एक समूह से धमकियां मिल रही थी। लिहाजा गांव छोड़ने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं बचा था।'


क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख मोहम्मद अमीन ने बताया कि 26 लोगों को सीमा बीबी को यातनाएं देने के आरोप में गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अमीन ने बताया कि पुलिस को सीमा और उसके परिवार वालो के बारे फिलाहाल कोई जानकारी नहीं है।


अमीन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों ने सीमा बीबी के इस्लाम विरोधी विचारों के लिए उनपर हमला कर उन्हें यातनाएं दी। उन्होंने बताया कि गांव में मुसलमानों और ईसाइयों के बीच तनाव को देखते हुए पुलिस ने अपनी गश्त बढ़ा दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें