गुरुवार, 26 जनवरी 2012

कांग्रेस सरकार से आमजन त्रस्त : मानवेंद्रसिंह

कांग्रेस सरकार से आमजन त्रस्त : मानवेंद्रसिंह

सांकड़ा। ग्राम पंचायत के सदरासर गांव में  बाड़मेर-जैसलमेर के पूर्व सांसद मानवेंद्रसिंह के मुख्य आतिथ्य में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई। इसमें 200 ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। बैठक में पूर्व सांसद मानवेंद्रसिंह ने कहा कि केंद्र व प्रदेश में कांग्रेस की सरकार से आमजन त्रस्त है। चारों तरफ भ्रष्टाचार का बोलबाला है। सरकार के मंत्री आए दिन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जा रहे हैं। सरकार उन्हें बचाने में लगी हुई है और आम जनता की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

उन्होंने बाबा रामदेव व अन्ना हजारे के आंदोलनों का जिक्र करते हुए कहा कि विदेशों में जमा कालाधन हो या भ्रष्टाचार किसी भी मुद्दे पर सरकार बात करने को तैयार नहीं है। उल्टे आंदोलनों को कुचलने में लगी हुई है। देश को भ्रष्टाचार, अराजकता व अत्याचार से मुक्ति दिलाने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने ग्रामीणों से भाजपा के साथ जुड़ कर उसे मजबूत करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा नेता जुगलकिशोर व्यास, पूर्व विधायक सांगसिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मौलवी हबीबुल्ला, वरिष्ठ नेता शैतानसिंह राठौड़, जिला परिषद के पूर्व सदस्य दलपतसिंह, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री जीवणखां, फिरोजखां, उम्मेदसिंह सांकड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन मदनसिंह राजमथाई ने किया।

बैठक में सर्वाधिक संख्या अल्पसंख्यक समाज के लोगों की थी। करीब 200 अल्पसंख्यक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व सांसद ने मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इससे पहले पूर्व सांसद का राणसिंह की ढाणी व विशनसिंह की ढाणी में ग्रामीणों ने साफा पहनाकर व माल्यार्पण कर सम्मान किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें